'जिम्मेदारी नहीं उठाना चाहता था'; दिल्ली में पत्नी और तीन मासूम बेटियों का हत्यारा पति गिरफ्तार
दिल्ली के समयपुर बादली में पत्नी और तीन बेटियों को मौत के घाट उतारने वाले आरोपी को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे शनिवार को राजस्थान के किशनगढ़ से गिरफ्तार किया है।

दिल्ली के समयपुर बादली में पत्नी और तीन बेटियों को मौत के घाट उतारने वाले आरोपी को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे शनिवार को राजस्थान के किशनगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 30 साल के मुनचुन केवट के रूप में हुई है, जो आजादपुर मंडी में सब्जी बेचता था। इस दर्दनाक घटना का खुलासा बुधवार को हुआ, जब एक किराए के मकान में उसकी पत्नी अनीता और तीन, चार और पांच साल की उनकी तीन बेटियों के शव गला रेता हुआ पाए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी फरार था, जिसे पुलिस की टीम ने शनिवार को धर दबोचा।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। उसने हत्या के पीछे की जो वजह बताई, वह बेहद चौंकाने वाली है। आरोपी मुनचुन ने पुलिस को बताया कि वह पिछले काफी समय से भारी आर्थिक तंगी से जूझ रहा था, जिसके कारण घर में अक्सर पैसों को लेकर झगड़ा होता रहता था।
'बेटियों की जिम्मेदारी नहीं उठाना चाहता था'
इसी तनाव और झगड़ों से तंग आकर उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वहीं, अपनी तीन मासूम बच्चियों को मौत के घाट उतारने के पीछे उसने दलील दी कि वह उनकी जिम्मेदारी नहीं उठाना चाहता था और न ही उन्हें पालना चाहता था। बाहरी-उत्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने बताया कि फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।
इससे पहले एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया था कि पत्नी और तीनों बेटियों के गले धारदार हथियार से काटे गए थे। परिवार मूल रूप से बिहार के पटना जिले का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आपराधिक एवं फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
अधिकारी ने बताया, आरोपी का पता लगाने के लिए हमारी टीमें दिन-रात काम कर रही थीं। आखिरकार, टीम को केवट के ठिकाने के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। राजस्थान के किशनगढ़ में उसका पता लगाया गया और उसे गिरफ्तार करने के लिए तुरंत एक टीम भेजी गई। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है। केवट को आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली लाया गया है।
वार्ता से इनपुट




साइन इन