महिला पर रंग का गुब्बारा गिरने से शुरू हुआ विवाद, युवक की पीट-पीटकर हत्या; दिल्ली में सांप्रदायिक तनाव
पुलिस ने कहा कि जानलेवा हमले के बाद तरुण को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि इस झगड़े में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं और दोनों परिवारों के घायलों का इलाज चल रहा है।

दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बुधवार देर रात हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक महिला पर पानी भरा गुब्बारा गिरने के बाद शुरू हुए झगड़े में 26 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। उधर, हत्या की इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, और मृतक के दोस्तों ने आरोपियों के घर के बाहर और वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। खबर लिखे जाने तक इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई थी और जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान 26 वर्षीय तरूण के रूप में हुई है, जो कि अपने परिवार के साथ उत्तम नगर इलाके की जेजे कॉलोनी के ए ब्लॉक में रहता था। उसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई और एक बहन भी शामिल है। यह परिवार मूलत: राजस्थान के चोमू का रहने वाला है। तरूण के पिता पेंटर है और वह डिजिटल मार्केटिंग की पढ़ाई कर रहा था।
7 साल की बच्ची से महिला पर गिरा था रंग
मृतक के अधिवक्ता सुमित कुमार चौहान ने बताया कि होली के दिन (4 मार्च) की देर रात करीब 10 बजे तरूण की 7 वर्षीय भतीजी अपने घर के बाहर पानी व रंग से भरे गुब्बारों से खेल रही थी। इसी दौरान समुदाय विशेष की एक महिला वहां से गुजरी। रंग और पानी उस महिला पर गिर गया, जिसके बाद उसने अपने परिजनों को पानी गिरने की जानकारी दी।
महिला के परिजनों ने आकर शुरू किया विवाद
आरोप है कि इसके बाद महिला के परिजन और कुछ रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और उस घर के लोगों के साथ कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और उस महिला के साथ आए समुदाय विशेष के लोगों ने तरूण के घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित परिवार के सदस्यों ने जान बचाने के लिए घर का गेट बंद करने की कोशिश की तो आरोपियों ने घर के बाहर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद पीड़ित परिवार ने अपने आप को घर के अंदर बंद कर लिया।
तरूण को अकेला पाकर कर दिया उस पर हमला
झगड़े के दौरान तरूण अपने दोस्त के घर गया हुआ था, और उसे इस झगड़े की जानकारी नहीं थी। करीब 10.30 बजे वह अपने दोस्त के घर से वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में करीब 15 से 20 आरोपियों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अधिवक्ता सुमित कुमार चौहान ने दावा किया कि इस दौरान आरोपियों ने लाठी, पत्थर और लोहे की रॉड से तरूण को बेरहमी से पीटा और उसके बेसुध हो जाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित कर दिया मृत
परिजनों को झगड़े का पता चला तो वह मौके पर पहुंचे और तरूण को नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही उत्तम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या की धारा में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतक को नहीं थी झगड़े की जानकारी
मृतक के चाचा टेकचंद ने बताया कि तरूण को झगड़े के बारे में जानकारी नहीं थी। जिसके चलते वह झगड़े के दौरान ही अपने घर आने के लिए दोस्त के घर से निकल गया। आरोपियों ने उसे अकेला देखकर पकड़ लिया और उसे तब तक पीटा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपने घरों को बंद कर मौके से फरार हो गए। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने उस 7 वर्षीय बच्ची के साथ भी बदसलूकी करते हुए उसके साथ दुष्कर्म करने और उसे घर से उठाकर ले जाने की धमकी दी, जिससे वह गुब्बारा महिला के ऊपर गिरा था।
इलाके में फैला तनाव
इस घटना में शामिल आरोपियों के एक समुदाय विशेष से जुड़ा होने की वजह से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है। जिसे देखते हुए एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। लेकिन मृतक तरूण के दोस्तों और इलाके में लोगों ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। नारेबाजी थोड़ी देर बाद ही हंगामें में बदल गई और भीड़ ने आरोपियों के घर के बाहर और वहां खड़े वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। हंगामा बढ़ता देखकर पुलिस ने तुंरत भीड़ को तितर-बितर किया और स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।




साइन इन