होली पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का ऐक्शन, शराब पीकर गाड़ी चलाने पर 1200 लोगों का कटा चालान
होली के मौके पर दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की। इस दौरान 1,200 से ज्यादा लोगों के चालान ड्रंक ड्राइविंग के लिए काटे गए। इसके अलावा भी पुलिस ने ऐक्शन लिया है।

होली के मौके पर दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की। इस दौरान 1,200 से ज्यादा लोगों के चालान ड्रंक ड्राइविंग के लिए काटे गए, जबकि 3,725 चालान अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन में किए गए।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बुधवार को होली के दिन पूरे शहर में जगह-जगह स्पेशल चेकिंग ड्राइव चलाई गई। प्रमुख सड़कों और चौराहों पर बैरिकेड लगाकर गाड़ियों को रोका गया और चालकों का ब्रेथ एनालाइजर से टेस्ट किया गया।
पश्चिमी रेंज में सबसे ज्यादा मामले
दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, वेस्टर्न रेंज (द्वारका, आउटर और वेस्ट जिला) में ड्रंक ड्राइविंग के सबसे ज्यादा 297 मामले सामने आए। सेंट्रल रेंज में कुल 257 मामले सामने आए हैं। नॉर्दर्न रेंज में 256 मामले सामने आए हैं। ईस्टर्न रेंज में 208 मामले सामने आए। साउदर्न रेंज में 117 मामले और न्यू दिल्ली रेंज में 69 मामले सामने आए हैं।
अन्य ट्रैफिक नियम तोड़ने पर भी हजारों चालान
ड्रंक ड्राइविंग के अलावा ट्रैफिक पुलिस ने सीट बेल्ट न लगाने, बिना हेलमेट बाइक चलाने, ट्रिपल राइडिंग और खतरनाक ड्राइविंग जैसे मामलों में भी बड़ी कार्रवाई की। इन उल्लंघनों के लिए 3,725 चालान काटे गए। इनमें सबसे ज्यादा मामले ईस्टर्न रेंज में 740 दर्ज किए गए। वेस्टर्न रेंज में 672। साउदर्न रेंज में 646 और सेंट्रल रेंज में 627 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा न्यू दिल्ली रेंज में 536 और नॉर्दर्न रेंज और 504 चालान किए गए।
सुरक्षा के लिए लगाया गया विशेष अभियान
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, होली के दौरान सड़क हादसों को रोकने के लिए यह शहरव्यापी विशेष अभियान चलाया गया था। ट्रैफिक पुलिस की टीमें भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर तैनात रहीं। एक अधिकारी ने कहा कि शराब पीकर गाड़ी चलाने से दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है, इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की गई।




साइन इन