दिल्ली में संदिग्ध हालत में घूम रहे शख्स को साथ ले गई पुलिस, वापस घर लौटी उसकी लाश; पुलिस ने बताई वजह
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच और मेडिको-लीगल केस (MLC) रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर किसी भी तरह की बाहरी चोट या मारपीट के निशान नहीं मिले हैं। इस बात की पुष्टि उस समय स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात संतरी समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने भी की है।

दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में हिरासत में मौत का एक संदिग्ध मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इलाके में संदिग्ध रूप से घूमते पाए जाने के बाद रविवार रात एक व्यक्ति को पुलिस स्टेशन लाया जा रहा था। इसी बीच रास्ते में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे पास के बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मृतक की शारीरिक हालत काफी कमजोर थी और वह किसी बीमारी से भी पीड़ित था। साथ ही उसके परिवार वालों का भी कहना है कि उसे नशे की लत भी थी और पिछले कुछ दिनों से वह लगातार शराब का सेवन कर रहा था। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस स्टेशन में होने लगी सांस लेने में दिक्कत
मृतक शख्स की पहचान 34 वर्षीय अनीश के रूप में हुई है, जो कि भलस्वा डेयरी इलाके का रहने वाला था और रविवार तड़के उसे गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने शक के आधार पर उठाया था। इस बारे में जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 'रात की नियमित गश्त के दौरान मिले अनीश को सुबह करीब 3:30 बजे पुलिस स्टेशन लाया गया था। स्टेशन पर रहते हुए उसने बेचैनी की शिकायत की, जिसके बाद उसे पानी दिया गया। हालांकि, उसकी हालत और बिगड़ गई और उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी।'
बेचैनी की शिकायत के बाद ले गए अस्पताल
अधिकारी ने बताया कि अनीश की बिगड़ती हालत के बाद उसके कहने पर पुलिसकर्मी उसे तुरंत बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (BJRM) अस्पताल लेकर गए और वहां भर्ती भी कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि, 'अनीश अपने परिवार के साथ रहता था और शादीशुदा था। वह अपने पिता के साथ आजादपुर सब्जी मंडी में काम करता था।'
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच और मेडिको-लीगल केस (MLC) रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर किसी भी तरह की बाहरी चोट या मारपीट के निशान नहीं मिले हैं। इस बात की पुष्टि उस समय स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात संतरी समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने भी की है। वहीं शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में मौत की वजह डिहाइड्रेशन के रूप में बताई गई है।
पुलिस बोली- पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी स्थिति
अधिकारियों ने बताया कि मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। कानूनी प्रावधानों के तहत मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने कहा कि सभी प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता और कानून के दायरे में रहकर ही पूरी की जा रही हैं। पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम इस पूरे मामले की जांच करेगी।




साइन इन