दिल्ली से देहरादून 2.5 घंटे में, पर शहर आने में लग रहे और 2 घंटे! लोगों ने निकाली भड़ास
Delhi-Dehradun Expressway: नए एक्सप्रेसवे से दिल्ली टू देहरादून पहुंचने में अधिक से अधिक ढाई घंटे लग रहे हैं, लेकिन शहर में घुसने के लिए दो घंटे और लग रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस तरह के कई वीडियो शेयर किए हैं।

Delhi-Dehradun Expressway: हाल ही में बनकर तैयार हुए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे ने जहां दिल्ली से देहरादून की दूरी को काफी कम कर दिया है, वहीं दूसरी ओर यह एक्सप्रेसवे अब देहरादून शहर के लिए नई चुनौती बन गया है। दिल्ली से देहरादून का सफर अब महज ढाई घंटे में पूरा हो रहा है, लेकिन शहर के अंदर पहुंचते ही लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को शहर तक आने में दो घंटे और लग रहे हैं। ऐसा एक दिन नहीं लगभग रोजाना हो रहा है। सोशल मीडिया पर लोग जाम के वीडियो भी शेयर कर रहे हैं और जमकर भड़ास निकाल रहे हैं।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुरू होते ही दिल्ली से बड़ी संख्या में पर्यटक देहरादून पहुंचने लगे हैं। वीकेंड पर स्थिति और भी खराब हो गई, जब शहर के कई हिस्सों में लंबा जाम लग गया। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट्स में लोगों ने ट्रैफिक की बदहाल स्थिति को दिखाया। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि “दिल्ली से देहरादून 2.5 घंटे में पहुंच गए, लेकिन देहरादून के अंदर ही 2 घंटे लग गए।”
सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा
इंस्टाग्राम और X पर कई यूजर्स देहरादून शहर में जाम पर काफी गुस्सा हैं। उन्होंने सुझाव दिए कि मसूरी जाने वालों के लिए देहरादून को बायपास करने का रास्ता बनाया जाना चाहिए, ताकि शहर में ट्रैफिक का दबाव कम हो सके। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि देहरादून में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए सरकार को जल्द ही नई ट्रैफिक मैनेजमेंट योजना लानी चाहिए।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की खासियत
करीब 210 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे दिल्ली को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से जोड़ता है। यह मार्ग बागपत, बड़ौत, शामली और सहारनपुर जैसे शहरों से होकर गुजरता है। यह 6-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे है, जिसे भविष्य में 8-लेन तक बढ़ाया जा सकता है। इसमें कुल 16 एंट्री और एग्जिट प्वाइंट बनाए गए हैं, जिससे रास्ते में पड़ने वाले शहरों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलती है।
एक्सप्रेसवे में वन्यजीवों के लिए खास इंतजाम
एक्सप्रेसवे में राजाजी नेशनल पार्क के पास करीब 14 किलोमीटर लंबा वाइल्डलाइफ कॉरिडोर बनाया गया है, ताकि जानवरों की आवाजाही प्रभावित न हो। इसके अलावा 340 मीटर लंबी सुरंग भी बनाई गई है। जहां एक ओर देहरादून की पहुंच आसान हुई है, वहीं अचानक बढ़े पर्यटकों के दबाव ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था की पोल खोल दी है। जाम के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन