दिल्ली एयरपोर्ट पर तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम, यात्री से 3.5 kg सोना जब्त; छुपाने के लिए अपनाई खतरनाक तरकीब
सीमा शुल्क विभाग ने यात्री से बरामद अवैध सोने को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 के तहत जब्त कर लिया। साथ ही आरोपी यात्री को अधिनियम की धारा 104 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया और आगे की जांच जारी है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने हाल ही में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सोने की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया है। इस दौरान सीमा शुल्क अधिकारियों ने अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को शहर से आए एक यात्री के पास से अवैध रूप से लाया जा रहा 3,565 ग्राम (लगभग 3.5 किलो से ज्यादा) सोना बरामद किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने एक खुफिया सूचना के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया और 'रिस्क-बेस्ड प्रोफाइलिंग' के आधार पर जाल बिछाकर भारतीय मूल के यात्री को दबोच लिया।
विभाग की तरफ से प्राप्त जानकारी के अनुसार एआईयू की टीम ने इस कार्रवाई 15 मई 2026 को उस समय अंजाम दिया, जब आरोपी यात्री सैन फ्रांसिस्को से एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI-4174 के जरिए दिल्ली पहुंचा था। वह इंटरनेशनल अराइवल टर्मिनल पर बेहद चालाकी से ग्रीन चैनल को पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी अधिकारियों ने उसे रोककर उसकी योजना पर पानी फेर दिया। आरोपी से बरामद सोने का बाजार मूल्य करीब साढ़े 5 करोड़ रुपए है।
यात्री के पास से बरामद हुए 115 सोने के बिस्किट
इसके बाद जब स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में यात्री और उसके सामान की बारीकी से तलाशी ली गई, तो उस यात्री के पास 115 सोने के बिस्किट मिले, जिसे उसने अपनी पैंट की अंदरूनी जेबों में छिपा रखा था। आरोपी यात्री के पास मिले सोने के बिस्किट का कुल वजन 3565 ग्राम था। अधिकारियों ने बताया कि तस्करी किए जा रहे सोने को छिपाने के लिए उस यात्री ने बेहद चालाकी से काम किया था और सोने को खासतौर पर डिजाइन की गई एक बेल्ट में छिपा रखा था। वहीं इस बेल्ट को उसने अपने पैंट के अंदर पहन रखा था।
पहने हुए कपड़ों के अंदर छुपाकर लाया था इतना सोना
आगे जब उस शख्स से उस बेल्ट को उतरवाकर उसकी तलाशी ली गई तो उसके अंदर छुपाकर रखे गए 115 सोने के बिस्किट मिले। आगे जब आरोपी के पास मिले सोने की जांच की गई तो वह 24-कैरेट शुद्धता (999.9 प्योरिटी) का निकला। इसके बाद सीमा शुल्क विभाग ने अवैध रूप से लाए गए इस सोने को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 के तहत जब्त कर लिया। साथ ही आरोपी यात्री को अधिनियम की धारा 104 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया और आगे की जांच जारी है।

टैरिफ में बढ़ोतरी से तस्करी के सोने की मांग बढ़ी
कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए एयरपोर्ट के वरिष्ठ कस्टम अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार ने हाल ही में सोने के आयात पर लगने वाली कस्टम ड्यूटी को 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया है, जिसके चलते अवैध बाजार का पूरा समीकरण ही बदल गया है। उन्होंने बताया कि इस फैसले की वजह से प्रति किलोग्राम मुनाफे का मार्जिन भी आसमान छूने लगा है। ऐसे में तस्करी में शामिल अंतरराष्ट्रीय गिरोह सोने को छुपाकर लाने के और भी ज्यादा पेचीदा तरीके अपना रहे हैं।
विदेश से आने वाले लोगों पर रखी जा रही कड़ी निगरानी
अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में सोने की तस्करी की कोशिशों में अचानक तेजी आई है, और यह बड़ी जब्ती उसी का नतीजा है। साथ ही उन्होंने बताया कि बढ़ती चुनौतियों के बीच मौजूदा हालात में तस्करी की इन कोशिशों को रोकने के लिए विभाग द्वारा रियल-टाइम यात्री डेटा विश्लेषण, एडवांस रिस्क-प्रूफिंग टूल्स और फिजिकल स्क्रीनिंग (शारीरिक जांच) के मानकों का इस्तेमाल किया जा रहा है।




साइन इन