नोएडा में महामाया फ्लाईओवर टू यमुना पुस्ते तक बनेगा 1.5 KM लंबा एलिवेटेड रोड
नोएडा शहर में तीसरा एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। आईआईटी रुड़की महामाया फ्लाईओवर से यमुना पुस्ते तक बनने वाले करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड रोड की डीपीआर तैयार करने में जुटी है। नोएडा में अभी दो एलिवेटेड रोड हैं।

नोएडा शहर में एक और नया एलिवेटेड रोड बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। महामाया फ्लाईओवर से यमुना पुस्ते तक बनने वाले इस एलिवेटेड रोड के लिए मिट्टी की जांच का काम पूरा हो गया है। अब आईआईटी रुड़की इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर नोएडा प्राधिकरण को सौंपेगी। इसके बाद टेंडर जारी होगा।
नोएडा में अभी दो एलिवेटेड रोड हैं। पहला सेक्टर-28 से सेक्टर-61 तक है। दूसरा एलिवेटेड रोड भंगेल से फेज-2 तक है। महामाया फ्लाईओवर से यमुना पुस्ते तक बनने वाला नया एलिवेटेड रोड करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा होगा। यह सेक्टर-94 स्थित यमुना पुस्ते और चिल्ला एलिवेटेड रोड के बीच सेतु का काम करेगा। महामाया फ्लाईओवर जिस जगह उतरेगा, वहां से सेक्टर-94 यमुना पुस्ते तक नया एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। इस परियोजना को लेकर आईआईटी रुड़की ने सर्वे कर लिया है। अब पिलर गाड़ने के लिए मिट्टी की जांच का काम पूरा कर लिया गया है।
नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि उम्मीद है कि इसी महीने आईआईटी रोड की डीपीआर तैयार कर प्राधिकरण को सौंप देगी। इसके बाद प्राधिकरण स्तर पर कुछ औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। ऐसे में उम्मीद है कि जुलाई में परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिया जाएगा। इसके आगे प्रक्रिया शुरू कराई होगी।
यमुना पुस्ते पर एलिवेटेड रोड के लिए सर्वे होगा
यमुना पुस्ते पर बनने वाले एलिवेटेड रोड को लेकर अभी फाइनल सर्वे होना बाकी है। यूपीडा की सलाहकार एजेंसी एक बार सर्वे कर जा चुकी है। यहां कुछ हिस्से में एलिवेटेड और कुछ हिस्से में समतल पर सड़क बनाई जाएगी। पुस्ते पर एलिवेटेड रोड नोएडा के सेक्टर-94 से लेकर यमुना एक्सप्रेसवे के पास सेक्टर-150 तक बनेगी। पुस्ते सिंचाई विभाग का हिस्सा है। ऐसे में यहां किसी भी प्रकार के निर्माण के लिए सिंचाई विभाग से अनुमति लेनी होगी। इसके लिए अभी तक सिंचाई विभाग की तरफ से प्राधिकरण को एनओसी नहीं मिली है।
चिल्ला एलिवेटेड रोड अगले वर्ष तैयार होगा
इस नई एलिवेटेड रोड को चिल्ला एलिवेटेड रोड से जोड़ा जाएगा। फिल्म सिटी रास्ते पर लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए चिल्ला एलिवेटेड रोड बनाया जा रहा है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि चिल्ला एलिवेटेड रोड दिसंबर 2027 तक बनकर तैयार हो जाएगा। अभी तक इसका 47 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। यह एलिवेटेड रोड दिल्ली के चिल्ला रेगुलेटर से नोएडा के महामाया फ्लाईओवर के पास तक बन रहा है। चिल्ला रेगुलेटर से इस एलिवेटेड को दिल्ली के मयूर विहार फ्लाईओवर से जोड़ा जाएगा।




साइन इन