'लू से भीषण लू' का अलर्ट; नोएडा और गाजियाबाद के लोगों को फोन पर NDMA की वॉर्निंग
दिल्ली-एनसीआर में लगातार दूसरे दिन भीषण लू का प्रकोप रहा और तापमान में मामूली कमी के बावजूद लोग गर्म हवाओं से झुलसते रहे। इसी बीच, एनडीएमए ने नोएडा और गाजियाबाद के लोगों को फोन पर अलर्ट भेजकर लू से भी अधिक खतरनाक हवाओं से बचने की चेतावनी दी है।

दिल्ली के साथ ही एनसीआर के लोग भी बुधवार को गर्म हवा के थपेड़ों से दिन भर झुलसते रहे। दिल्ली-NCR में लगातार दूसरे दिन लू की स्थिति रही। हालांकि, एक दिन पहले की तुलना में अधिकतम तापमान में हल्का सुधार देखने को मिला है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 6 दिन तक दिल्ली के साथ ही एनसीआर में भीषण गर्मी का यह दौर बरकरार रहेगा। इसी बीच, बुधवार को नोएडा और गाजियाबाद के लोगों को उनके फोन पर एक अलर्ट मिला। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) की ओर से भेजे गए इस संदेश में लोगों को 'लू से भी अधिक खतरनाक' हवाओं से बचने के लिए कहा गया।
लोगों के मोबाइल पर आया यह मैसेज
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) की ओर से जारी अलर्ट में अलीगढ़, एटा, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हाथरस, कानपुर नगर, मैनपुरी, मथुरा, मिर्जापुर और भदोही के लिए बेहद गर्म और सूखी हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। NDMA के अलर्ट में एक लाइन का मैसेज दिया गया है कि अगले 24 घंटे में अलीगढ़, एटा, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हाथरस, कानपुर नगर, मैनपुरी, मथुरा, मिर्जापुर में ‘लू से भीषण लू’ चलने की संभावना है।

दिल्ली के लोगों को इन दिनों दिन और रात दोनों समय भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली-NCR में दिन भर झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है और रात में भी तापमान में खास गिरावट नहीं आने से लोग बेचैनी महसूस कर रहे हैं।
दिल्ली-NCR में बुधवार को सुबह से ही तेज चमकदार सूरज निकला और दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तीखी और तेज हो गई जिससे सुबह दस बजते ही लोगों को गर्म हवा के थपेड़ों का अहसास होने लगा। इस चिलचिलाती धूप और गर्म हवा के चलते लोग छायादार जगहों की तलाश करते हुए दिखे। खासतौर पर दोपहिया वाहन चालकों, सड़क के आसपास कारोबार करने वाले और खुले जगहों पर मेहनत का काम करने वालों को बहुत ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी।
दिल्ली में कितना रहा तापमान?
दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। हालांकि, एक दिन पहले की तुलना में इसमें 0.6 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। सफदरजंग में बुधवार का न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। यह सीजन की सबसे गर्म रात रही।
दिल्ली-NCR में 6 दिन भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली के लोगों को अगले 6 दिन तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग दिल्ली-NCR में अगले 6 दिन तक भीषण लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यानी दिल्ली एनसीआर में 26 मई तक के लिए लू का ओरेंज अलर्ट रहेगा। इतना ही नहीं दिल्ली में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। इस दौरान हवा की गति भी 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लोगों को तेज गर्म हवा के थपेड़ों का सामना करना पड़ेगा।




साइन इन