झुलसा देने वाली गर्मी; दिल्ली में 47°C जाएगा तापमान, 6 दिन भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट
Delhi Mausam: दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है, जिससे इस हफ्ते राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 6 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है।

Weather Forecast for Delhi: दिल्ली-NCR में गर्मी ने विकराल रूप ले लिया है। इससे दिल्लीवासियों को इस हफ्ते राहत मिलने की उम्मीद कम है। मौसम विभाग ने आज से लेकर पूरे 7 दिन तक दिल्ली के साथ ही NCR के अधिकांश हिस्सों में भीषण लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में इस हफ्ते अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। रिज क्षेत्र में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक था। मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
7 दिन ऑरेंज अलर्ट, 47 डिग्री तक जाएगा तापमान
मौसम विभाग की ओर से 20 से लेकर 26 मई तक दिल्ली के साथ ही एनसीआर में भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। IMD के अनुसार, 21 और 22 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा सकता है। इस दौरान दिन में तेज गर्म हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलेंगी, जो कई बार 35 किमी प्रति घंटे तक झोंके के साथ पहुंच सकती हैं।
45 की स्पीड से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग ने 23 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने की संभावना जताई है। इस दिन दिल्ली में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से गर्म हवाएं चल सकती हैं। दिन के दौरान कभी-कभी हवा की स्पीड 45 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है। इसके बाद 24, 25 और 26 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान के 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है।
पश्चिमी विक्षोभ भी नहीं आएगा
मौसम विभाग ने फिलहाल दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में बारिश या पश्चिमी विक्षोभ की संभावना से इनकार किया है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में लू का प्रकोप और बढ़ सकता है। मौसम विभाग की मानें तो पूरे उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी से इस हफ्ते राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने का रेड अलर्ट जारी किया है।




साइन इन