झारखंड में मौसम के 2 रंग; कहां लू का टॉर्चर, किन जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी?
झारखंड के पलामू सहित 6 जिलों में उमस और भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। इसके विपरीत, मौसम विभाग ने बुधवार को संताल परगना, धनबाद और बोकारो सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Jharkhand Weather Forecast: झारखंड के पलामू और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी और उमस बढ़ गई है, जहां पलामू का तापमान सबसे अधिक 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। गढ़वा और सरायकेला में भी पारा 41 डिग्री के पार है और आने वाले दिनों में इन छह जिलों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है। दूसरी ओर, मौसम विभाग ने संताल परगना के गोड्डा, साहिबगंज, दुमका और धनबाद सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रांची समेत अन्य हिस्सों में भी मौसम बदलने के आसार हैं, जबकि यूपी और बिहार के पास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है।
कहां ऑरेंज और किन जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट?
मौसम विभाग ने बुधवार को झारखंड के संताल परगना के गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, देवघर, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो सहित कुल 9 जिलों में आंधी के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया। वहीं चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची, खुंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम जिलों में आंधी और गरज चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की स्पीड 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है।
बढ़ेगा तापमान
इन जिलों में उमस की गर्मी के साथ तापमान बढ़ने की संभावना भी व्यक्त की गयी है। झारखंड में मंगलवार पलामू का तापमान 42.5 डिग्री रहा। वहीं गढवा 42.0, सरायकेला 41.7 और जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री रहा। वहीं चतरा में उमस की गर्मी लोगों को सता रही है। वहीं इस दिन पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला के कुछ हिस्सों पर तेज हवा के साथ बारिश हुई। राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य के मुकाबले एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहे हैं।
कल कैसा रहेगा मौसम?
वहीं झारखंड में न्यूनतम तापमान भी सामान्य की तुलना में एक से तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी देखी जा रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी कई जिलों में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, झारखंड के आसपास और उत्तर प्रदेश में वेदर सिस्टम बना है। इससे रांची समेत कई जिलों में बादलों की लुकाछिपी का खेल देखा जाएगा। उत्तर प्रदेश के पूर्वी भाग पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है और इससे होकर एक ट्रफ लाइन गुजर रहा है। यह ट्रफ इस सिस्टम से होकर मणिपुर तक कायम है जो कि बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल, बांगलादेश होकर गुजर रहा है।




साइन इन