लॉरेंस बिश्नोई की भी हत्या की साजिश, पिंकी चौधरी को धमकी के बाद बड़ा खुलासा
हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष को हत्या की धमकी देने वाले आईएसआई एजेंट शहजाद भट्टी और हापुड़ में गिरफ्तार हुए आरोपियों के मंसूबे देश में अशांति फैलाने के थे। भट्टी और एक आरोपी की चैट में लॉरेंस बिश्नोई को टपकाने की साजिश का जिक्र है।

हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष को हत्या की धमकी देने वाले आईएसआई एजेंट शहजाद भट्टी और हापुड़ में गिरफ्तार हुए आरोपियों के मंसूबे देश में अशांति फैलाने के थे। भट्टी और एक आरोपी की चैट में लॉरेंस बिश्नोई को टपकाने की साजिश का जिक्र है। इसे देखकर केंद्रीय एजेंसियां हरकत में आ गई हैं।
शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-दो में रहने वाले भूपेंद्र तोमर उर्फ पिंकी चौधरी हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनके मुताबिक 16 मार्च को उनके पास एक कॉल आई। काल करने वाले ने कहा वह पाकिस्तान से शहजाद भट्टी बोल रहा है। उसने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। शालीमार गार्डन पुलिस ने शहजाद भट्टी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, हापुड़ की धौलाना पुलिस ने आईएसआई एजेंट शहजाद भट्टी के जरिये पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में मुगल गार्डन पिपलैड़ा निवासी अजीम राणा और मेरठ के गांव जई निवासी उसके साथी आजाद राजपूत गिरफ्तार किया।
अजीम और शहजाद भट्टी के बीच हुई बातचीत चौंकाने वाली बातचीत
वह देश के महत्वपूर्ण ठिकानों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की फोटो, वीडियो और सटीक लोकेशन पाकिस्तान भेज रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में कई अहम चैट्स सामने आई हैं। इनमें अजीम और शहजाद भट्टी के बीच हुई बातचीत विशेष रूप से चौंकाने वाली है। शहजाद से बातचीत में अजीम ने भारतीय गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को टपकाने की बात कही है। हालांकि, अजीम और शहजाद भट्टी के बीच हुई बातचीत में आगे यह भी संकेत मिला कि आरोपी हालात अनुकूल होने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन यह बातचीत इस बात की तरफ इशारा करती है कि दोनों आरोपी शहजाद भट्टी के इशारे पर देश में हिंसक घटनाओं को अंजाम देने के लिए भी तैयार थे।
कौशांबी गैंग से मिलते-जुलते हैं तरीके
जांच में यह भी सामने आया है कि हापुड़ के इन आरोपियों का तरीका कौशांबी में पकड़े गए जासूसी गैंग से काफी मिलता-जुलता है। कौशांबी में पकड़े गए छह आरोपी पाकिस्तान में बैठे सरफराज उर्फ सरदार के लिए काम कर रहे थे और उन्होंने दिल्ली कैंट व सोनीपत रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थानों पर सोलर बेस्ड कैमरे लगाए। उसी तरह, अजीम और आजाद ने भी धार्मिक स्थलों और प्रमुख स्थानों की जानकारी साझा की। बताया गया है कि उन्होंने ग्रेटर नोएडा के बिसरख स्थित रावण मंदिर की लोकेशन भी अपने हैंडलर को भेजी थी।
अजीम ग्रेटर नोएडा के एक मॉल में ड्राई फ्रूट्स की दुकान पर करीब 20 हजार रुपये प्रतिमाह की नौकरी करता था, जबकि आजाद राजपूत गुरुग्राम में ठेकेदारी का काम करता था और एमबीए पास है। जांच में स्पष्ट हुआ कि यह सब केवल दिखावा था और दोनों का असली काम पाकिस्तान के लिए जासूसी करना था।
लॉरेंस बिश्नोई कनेक्शन ने जांच एजेंसी की चिंता बढ़ाई
जिस शहजाद भट्टी ने गाजियाबाद के हिंदूवादी नेता को हत्या की धमकी दी, उसकी चैट में लॉरेंस बिश्नोई की हत्या की साजिश का जिक्र मिलने पर जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। वर्तमान में लॉरेंस बिश्नोई गुजरात की साबरमती जेल में बंद है। पूर्व में पुर्तगाल में शहजाद भट्टी पर हुए हमले में लॉरेंस गैंग का नाम सामने आया था। ऐसे में दोनों पक्षों के बीच आपराधिक टकराव की संभावना पहले से मौजूद थी। अब इस चैट के सामने आने के बाद यह आशंका और गहरी हो गई है कि विदेशी एजेंसियां भारत के गैंगस्टर नेटवर्क का इस्तेमाल अपने उद्देश्यों के लिए करने की कोशिश कर रही हैं।




साइन इन