दिल्ली से किडनैप हुए आदमी का शव मथुरा में टुकड़ों में मिला, हनीट्रैप का शक
राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके से 18 फरवरी को कथित रूप से अगवा किए गए 48 वर्षीय अनुरूप गुप्ता का शव दस दिन बाद 28 फरवरी को उत्तर प्रदेश के मथुरा में कई टुकड़ों में मिलने से सनसनी फैल गई।

राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके से 18 फरवरी को कथित रूप से अगवा किए गए 48 वर्षीय अनुरूप गुप्ता का शव दस दिन बाद 28 फरवरी को उत्तर प्रदेश के मथुरा में कई टुकड़ों में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव के टुकड़ों को पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि व्यक्ति को दिल्ली के बिंदापुर इलाके में बुलाकर पहले अपहरण किया गया और फिर हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। मथुरा पुलिस द्वारा मानव अंग बरामद किए जाने के बाद बिंदापुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने दर्ज अपहरण के मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए जांच तेज कर दी है।
छत्तीसगढ़ सदन में कैंटीन चलाते थे अनुरूप
मृतक अनुरूप गुप्ता द्वारका सेक्टर-14 स्थित राधिका अपार्टमेंट में परिवार के साथ रहते थे और छत्तीसगढ़ सदन में कैंटीन चलाते थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उन्हें एक युवती के जरिये कथित तौर हनीट्रैप में फंसाया गया। 18 फरवरी को युवती ने अनुरूप को मिलने के बहाने बिंदापुर बुलाया, जहां पहले से मौजूद उसके सहयोगियों ने कथित तौर पर अनुरूप से मारपीट की और फिर उन्हें अगवा कर लिया। आशंका है कि बाद में हत्या कर पहचान मिटाने के लिए शव के टुकड़े कर मथुरा में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए गए।
संदिग्ध युवती की भूमिका जांच रही पुलिस टीम
दिल्ली और मथुरा पुलिस की संयुक्त टीमें सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और संदिग्ध युवती की भूमिका की बारीकी से जांच कर रही हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।




साइन इन