delhi crime prisoner dies under suspicious circumstances in mandoli jail परिवार ने जताई थी हत्या की आशंका, हुई थी मारपीट; दिल्ली की मंडोली जेल में कैदी की मौत, Ncr Hindi News - Hindustan
More

परिवार ने जताई थी हत्या की आशंका, हुई थी मारपीट; दिल्ली की मंडोली जेल में कैदी की मौत

दिल्ली की मंडोली जेल में विचाराधीन कैदी मोहम्मद आजाद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने जेल में मारपीट और हत्या का आरोप लगाया है जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। 

Sun, 1 March 2026 07:13 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, रजनीश कुमार पाण्डेय, नई दिल्ली
share
परिवार ने जताई थी हत्या की आशंका, हुई थी मारपीट; दिल्ली की मंडोली जेल में कैदी की मौत

दिल्ली के हर्ष विहार स्थित मंडोली जेल परिसर के अंदर रविवार सुबह एक विचाराधीन कैदी की मौत हो गई। मृतक विचाराधीन कैदी की पहचान 35 वर्षीय मोहम्मद आजाद के रूप में हुई है। वह नई सीमापुरी इलाके का रहने वाला था। कैदी को रविवार तड़के अचेत हालत में जेल प्रशासन द्वारा जीटीबी अस्पताल में लाया गया था जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आजाद के परिजनों ने आजाद के साथ मारपीट और उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।

संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज

फिलहाल दिल्ली पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज करके जांच बोर्ड द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि मौत की असल वजह क्या थी।

अचेत हालत में लाया गया था अस्पताल

उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि हर्ष विहार थाने में रविवार को सुबह के वक्त मंडोली जेल से जीटीबी अस्पताल अचेत हालत में लाए गए विचाराधीन कैदी के बारे में सूचना मिली। अस्पताल कर्मी ने बताया कि बेहोशी की हालत में लाए गए आजाद को चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मृतक आजाद की मां शकीला ने बेटे की हत्या का शक जताया है। उसके एक रिश्तेदार ने बताया कि 24 फरवरी को जेल परिसर के अंदर आजाद के साथ मारपीट हुई थी, जिसकी सूचना के बाद परिजन जेल के गेट पर जमा हुए थे। इसकी सूचना परिजनों ने पीसीआर कॉल करके पुलिस को दी थी। वह एनडीपीएस के मामले में जेल में बंद था।

जेल से आया फोन तबीयत है खराब

गत शनिवार को कड़कड़डूमा अदालत में आजाद की सुनवाई की तारीख थी जहां उसने अपनी मां से मिलकर कुछ रुपयों की मांग की थी। उसने कहा था कि कुछ पैसों का जुगाड़ करके दे दो, जेल में किसी को देने है। इसके बाद सुबह जेल से पड़ोसी के पास कॉल आई कि आजाद की तबीयत खराब है। उसे जीटीबी अस्पताल लाया गया है। परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो उसे मृत घोषित कर दिया गया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जिम्मेदारी नहीं उठानी थी; पत्नी और तीन मासूम बेटियों का हत्यारा पति गिरफ्तार
ये भी पढ़ें:दिल्ली में महिला ने काटा लिव-इन पार्टनर का प्राइवेट पार्ट, क्या थी वजह?
ये भी पढ़ें:दिल्ली पुलिस को मिली 'तेजस' की ताकत, सड़कों पर उतरे AI वाले ‘योद्धा’
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।