दिल्ली में यहां बनेगा देश का पहला डबल डेकर स्काई वॉक, क्या होंगे इसके फायदे और खासियत
दिल्ली के सबसे व्यस्ततम चौराहों में से एक मधुबन चौक (पीतमपुरा) पर यातायात व्यवस्था को विश्वस्तरीय बनाने के लिए देश का पहला डबल-डेकर स्काईवॉक बनाया जाएगा। यह प्रोजेक्ट दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर में मील का पत्थर साबित होगा।

दिल्ली के व्यस्ततम चौराहों में शामिल पीतमपुरा मधुबन चौक पर देश का पहला डबल डेकर स्काई वॉक (फुटओवर ब्रिज) बनेगा। पांच महीने में यह अत्याधुनिक स्काई वॉक बनकर तैयार हो जाएगा। यह स्काई वॉक मधुबन चौक पर मौजूद मेट्रो के रेड लाइन और मजेंटा लाइन एक्सटेंशन के दोनों मेट्रो स्टेशनों के बीच इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध कराएगा। साथ ही यह रोहिणी कोर्ट परिसर से भी जुड़ेगा, जिससे मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन से रोहिणी कोर्ट तक आना-जाना आसान हो जाएगा।
रेड लाइन पर मधुबन चौक के पास पहले से पीतमपुरा मेट्रो स्टेशन है। अब इसका नाम बदलकर मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन कर दिया गया है। वहीं, फेज चार में बने मजेंटा लाइन एक्सटेंशन पर मधुबन चौक में एक नया मेट्रो स्टेशन बना है।
क्यों पड़ी स्काईवॉक की जरूरत
पिछले महीने ही मजेंटा लाइन एक्सटेंशन के 9.9 किलोमीटर हिस्से पर दीपाली चौक से मजलिस पार्क के बीच मेट्रो का परिचालन शुरू हुआ है। इस हिस्से में ही मजेंटा लाइन का नया मधुबन चौक स्टेशन है। दोनों स्टेशनों के बीच अभी मेट्रो बदलने की सुविधा नहीं है। इसके मद्देनजर मधुबन चौक पर डबल डेकर स्काई वॉक का काम शुरू हुआ है।
पांच करोड़ रुपये का बजट मंजूर
स्काई वॉक के लिए अभी पांच करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। डबल डेकर स्काई वॉक में पहले स्कॉई वॉक की लंबाई 182.715 मीटर होगी। यह रेड लाइन और मजेंटा लाइन के मेट्रो स्टेशनों से जुड़ा होगा। इस फुटओवर ब्रिज के जरिए मधुबन चौक में स्टेशन से बाहर निकले बगैर रेड और मजेंटा लाइन के बीच ट्रेन बदलने की सुविधा मिलेगी।
दूसरा फुटओवर ब्रिज 173.203 मीटर लंबा होगा। यह दोनों स्टेशनों के गैर भुगतान क्षेत्र के तल से जुड़ा होगा। यह फुटओवर ब्रिज रोहिणी कोर्ट परिसर से कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा। इससे मधुबन चौक से रोहिणी कोर्ट जाना आसान होगा।
तीसरा इंटरचेंज स्टेशन
मजेंटा लाइन एक्सटेंशन पर दीपाली चौक से मजलिस पार्क के बीच दो इंटरचेंज स्टेशन हैं। मधुबन चौक पर बनने वाला इंटरचेंज इस लाइन पर तीसरा इंटरचेंज होगा।
एस्केलेटर जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा
डबल डेकर स्काई वॉक में एस्केलेटर, लिफ्ट, दिव्यांगजनों के लिए रैंप, लाइटिंग की सुविधा होगी। इसके साथ ही सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगे होंगे। इस परियोजना के पूरे होने से यात्रियों का समय बचेगा। साथ ही उन्हें सुरक्षित आने-जाने का रास्ता भी मिलेगा। डीएमआरसी के मुताबिक, यह परियोजना लोक निर्माण विभाग के समन्वय से तैयार की गई है। डबल डेकर स्काई वॉक बनने से मेट्रो यात्रियों के साथ ही मधुबन चौक पर सड़क पार करने वाले राहगीरों को भी सहूलियत होगी।




साइन इन