'मैं मरना नहीं चाहता, ससुराल वालों ने…'; नरेला के BJP मंडल अध्यक्ष का सुसाइड से पहले का ऑडियो वायरल
दिल्ली के नरेला क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद मिश्रा की सुसाइड से पहले की एक कथित वॉइस रिकॉर्डिंग वायरल हो रही है। इसमें वह कह रहे हैं कि ‘मैं सबको बताना चाहता हूं कि मैं मरना नहीं चाहता था, लेकिन मेरे ससुरालीजनों ने मुझे मारने की प्लानिंग कर ली थी।

दिल्ली के नरेला क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्ष 38 वर्षीय विनोद मिश्रा की सुसाइड से पहले की एक कथित वॉइस रिकॉर्डिंग वायरल हो रही है। इसमें वह कह रहे हैं कि ‘मैं सबको बताना चाहता हूं कि मैं मरना नहीं चाहता था, लेकिन मेरे ससुरालीजनों ने मुझे मारने की प्लानिंग कर ली थी। मैं अपने बच्चों के साथ रहना चाहता था, पर उन लोगों ने ऐसा चक्रव्यूह रचा कि मैं खुद आत्महत्या कर रहा हूं। मैं जिंदगी ठीक से जी रहा था, मगर पत्नी की मां मेरे पीछे पड़ी थी’।
ऑडियो में विनोद ने पत्नी, सास और रिश्तेदारों को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार भी लगाई है। हिन्दुस्तान अखबार वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।
दिल्ली में एक्सिस बैंक में बतौर फील्ड अफसर नौकरी करने वाले विनोद मिश्रा अपनी पत्नी अनीता उर्फ आरती और तीन बच्चों कार्तिक, पीहू व अटल के साथ दिल्ली में ही रहते थे। पत्नी के कई दिन तक मायके से दिल्ली नहीं लौटने पर वह उसे लेने आए थे। विनोद के चाचा आरके मिश्रा ने बताया कि पत्नी द्वारा जाने से इनकार करने पर कानपुर के बर्रा थाने में शिकायत भी की गई थी, लेकिन पुलिस के बुलाने पर भी ससुराल पक्ष से कोई नहीं पहुंचा था। इसके बाद वह गुरुवार को दोबारा ससुराल पहुंचा तो पत्नी ने उसे जलील कर दिया था। इसी से आहत होकर उसने जहर खा लिया था।
चाचा हाथ जोड़ते रहे, सास बोली-तुम बस तमाशा देखो
विकास ने बड़े ही भावुक लहजे में अपने बच्चों से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा ‘बच्चों मैं आपसे माफी मांग रहा हूं, क्योंकि चाहकर भी मैं तुम्हारा साथ नहीं दे पाया। मां व भाई मुझे माफ करना। यहां तक कि मेरे चाचा आरती की मां के सामने झुककर कहते रहे कि पत्नी को भेज दो, बच्चों को भेज दो, उनकी पढ़ाई खराब हो रही है। यह सुनकर उसकी मां बोली जो हो रहा है होने दो तुम बस तमाशा देखो’।
योगी महाराज, यूपी पुलिस न्याय करना
विनोद ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी और यूपी पुलिस से भी गुहार लगाई। उन्होंने कहा ‘योगी महाराज, यूपी पुलिस आप देखना, आप न्याय करना। मैं जा रहा हूं, मैं मरना नहीं चाहता था, अपने बच्चों के साथ बहुत कुछ करना चाहता था, लेकिन इन लोगों ने मुझे कहीं का नहीं छोड़ा। मेरी हाथ जोड़कर सबसे प्रार्थना है कि ऐसे लोगों का पर्दाफाश हो, मेरी मौत का जिम्मेदार सुनील तिवारी, पत्नी अनीता, सास मिथलेश कुमारी, विकास तिवारी, साली अंजू और उसका पति है। अब मेरे पास कुछ नहीं बचा, इस वजह से आत्महत्या कर रहा हूं’।
अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के दौरान हाथापाई
पोस्टमॉर्टम के दौरान विनोद के परिजनों व ससुराल पक्ष के लोगों में हाथापाई भी हुई। कन्नौज के तालग्राम थाना क्षेत्र के नेपालपुर निवासी 38 वर्षीय विनोद मिश्रा दिल्ली में एक्सिस बैंक में फील्ड अफसर पद पर कार्यरत थे। वह परिवार के साथ नरेला-दिल्ली में रहते थे। कांग्रेस से पार्षद का चुनाव लड़ने के बाद विनोद भाजपा में शामिल हो गए थे। इसके बाद उन्हें नरेला का मंडल अध्यक्ष बना दिया गया था।
घर को बिखरने से बचाने के लिए सब सह रहा था
नौ मिनट के वायरल ऑडियो में विनोद ने सास पर हाथ धोकर पीछे पड़ने और जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाया है। कहा ‘मेरी सास का घर में विवाद कराना बाएं हाथ का खेल था। सबसे पहले वह मेरी पत्नी को बरगलाने का काम करती, इसके बाद घर में तोड़फोड़ करते हुए अपनी बात पर पत्नी से हामी भरवाती थी। घर को बिखरने से बचाने के लिए हर बात मानकर सबकुछ सह रहा था।




साइन इन