तेज आवाज आई और.. चश्मदीदों ने बताया कैसे दिल्ली विधानसभा में घुसा UP का सरबजीत?
दिल्ली विधानसभा में सोमवार को तब सुरक्षा में बड़ी चूक हुई जब एक नकाबपोश कार लेकर अंदर घुस गया। उसने विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय पर गुलदस्ता रखा और भाग निकला। पुलिस ने सरबजीत नामक युवक समेत तीन को हिरासत में लिया है।

दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सोमवार को उस वक्त बड़ी चूक हो गई जब एक नकाबपोश यूपी नंबर की कार लेकर जबरन गेट नंबर 2 से अंदर दाखिल हो गया। दोपहर करीब 2 बजे हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। आरोपी कार चलाकर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय तक पहुंचा, वहां पोर्च में फूलों का एक गुलदस्ता रखा और तुरंत वापस चला गया। हाल ही में मिली बम की धमकियों के मद्देनजर सुरक्षाकर्मी इस सुरक्षा चूक को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं।
जोरदार आवाज हुई और…
मौके पर मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि हम लोग यहां खड़े थे। हमने देखा की एक सफेद रंग की टाटा सियेरा कार अचानक गेट तोड़ते हुए परिसर में दाखिल हो गई। एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कार ने जैसे ही गेट तोड़ा जोरदार आवाज हुई। हम लोग चौंक गए और घटनास्थल की ओर बढ़े। हम लोग इस घटना से चौंक गए। हम लोग कुछ समझ पाते वही कार दोबारा अंदर से निकली और गेट को ठोंकते हुए बाहर निकल गई।
गुलदस्ता रख तेजी से निकला वापस
वहीं दिल्ली सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि गेट तोड़कर वाहन के साथ भीतर दाखिल हुआ कार चालक तेजी से विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ा और पोर्च के पास फूलों का गुलदस्ता रखकर तेजी से वापस चला गया। सूत्रों ने बताया कि अधिकारी इसे सुरक्षा चूक मान रहे हैं। बताया जाता है कि वीआईपी गेट पर सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ तैनात थी। गुलदस्ते में बम जैसी कोई चीज नहीं मिली है। मामले की छानबीन जारी है।
आरोपी सरबजीत समेत हिरासत में 3 लोग
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सुरक्षा चूक के बाद हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। पुलिस ने उत्तरी दिल्ली से ड्राइवर समेत 3 लोगों को हिरासत में ले लिया। यही नहीं गाड़ी भी जब्त कर ली है। आरोपी का नाम सरबजीत बताया जा रहा है। घटना के बाद बम निरोधक दस्ते के साथ पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और तलाशी ली। सूत्रों की मानें तो चूंकि यह मेन गेट नहीं था इसलिए जब सत्र में नहीं होता तो इसके आसपास सुरक्षा अपेक्षाकृत कम रहती है।
यूपी के पीलीभीत का रहने वाला है सरबजीत
गौरतलब है कि यह घटना हाल ही में संपन्न बजट सत्र के दौरान विधानसभा को मिली बम की धमकियों के बाद हुई है। इस बीच दिल्ली पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस टीम ने रूपनगर इलाके में एक पिकेट पर गाड़ी को जब्त किया। सरबजीत नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। सरबजीत पीलीभीत, यूपी का रहने वाला है। दिल्ली पुलिस की टीमें आरोपी और संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं।




साइन इन