गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक एलिवेटेड रोड योजना पकड़ेगी रफ्तार, ऊपर मेट्रो चलाने से GMRL का इनकार
गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक एलिवेटेड रोड के निर्माण की परियोजना अब रफ्तार पकड़ेगी। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड ने एलिवेटेड रोड के ऊपर मेट्रो संचालन से इनकार कर दिया है। एलिवेटेड रोड परियोजना को अंतिम मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। मंजूरी के बाद निर्माण शुरू हो जाएगा।

गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक एलिवेटेड रोड के निर्माण की परियोजना अब रफ्तार पकड़ेगी। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड ने एलिवेटेड रोड के ऊपर मेट्रो संचालन से इनकार कर दिया है। एलिवेटेड रोड परियोजना को अंतिम मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। मंजूरी के बाद निर्माण शुरू हो जाएगा।
जनवरी माह में उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने जीएमडीए अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें निर्देश दिए थे कि हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक तक रोड को एलिवेटेड बनाया जाएगा। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा के निर्देश पर एनएचएआई ने 182 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर दिया था। इसके बाद जीएमडीए ने जीएमआरएल को एलिवेटिड रोड के निर्माण की योजना भेजकर अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मांगा था।
क्या थी जीएमआरएल की सिफारिश
जीएमआरएल ने सिफारिश की थी कि एलिवेटिड रोड के ऊपर मेट्रो चलाई जाए। ऐसा होने से एक पिलर का निर्माण होगा, लागत में कमी आएगी। भविष्य में सड़क को चौड़ा करने के लिए करीब छह मीटर जमीन बच जाएगी। यह भी कहा गया था कि इस एलिवेटेड रोड के निर्माण से उद्योग विहार फेज-छह (सेक्टर-37 पेस सिटी) में प्रस्तावित स्टेशन के निर्माण में दिक्कत आ रही है।
जीएमआरएल के मुख्य परियोजना प्रबंधक आरपी गुप्ता ने गत 25 मार्च को जीएमडीए को अवगत करवाया कि एलिवेटेड निर्माण के बीच में आ रहे उद्योग विहार फेज छह मेट्रो स्टेशन के डिजाइन में बदलाव किया जाएगा। सीएम की अध्यक्षता में जीएमडीए की बैठक में एलिवेटेड रोड के निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
एलिवेटेड रोड के लिए अलग से टेंडर नहीं होगा
एनएचएआई की तरफ से एलिवेटेड रोड के निर्माण के लिए अलग से टेंडर नहीं किया जाएगा। गुरुग्राम-पटौदी से रेवाड़ी हाईवे (एनएच352डब्ल्यू) में इस एलिवेटेड रोड के निर्माण की योजना को शामिल किया है। इसका निर्माण कर रही कंपनी की तरफ से एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा।
पांच साल में कई बार योजना बदली
पिछले पांच साल से हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक करीब 3 किमी लंबी रोड के निर्माण की योजना बन रही है। अब तक यह योजना अंतिम रूप नहीं ले सकी है। शुरुआत में इस रोड को एलिवेटेड बनाने पर चर्चा हुई। बाद में यह फैसला हुआ कि इस रोड की चौड़ाई बढ़ाई जाए।
वन विभाग की जमीन से अड़चन
उमंग भारद्वाज चौक के पास सेक्टर-10 में वन विभाग की जमीन है। इस जमीन पर ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का स्टेशन प्रस्तावित है। जीएमआरएल ने जीएमडीए से आग्रह किया है कि वन विभाग की जमीन को मेट्रो स्टेशन निर्माण के लिए दिलवाया जाए। यह मामला मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उठा था। मुख्य सचिव ने इस सिलसिले में दिशा-निर्देश जारी किए हैं।




साइन इन