भीषण गर्मी और लू का कहर, दिल्ली-राजस्थान समेत कई राज्यों में स्कूलों की लंबी छुट्टियों का ऐलान; देखें लिस्ट
दिल्ली में शिक्षा निदेशालय ने यहां के स्कूलों के लिए 50 दिन की छुट्टियों की घोषणा की है। इस दौरान स्कूलों में 11 मई से 30 जून, 2026 तक छुट्टियां रहेंगी। अवकाश समाप्त होने के बाद सभी स्कूल एक जुलाई 2026 से दोबारा खुलेंगे और उसी दिन से शिक्षण कार्य भी शुरू होगा।

देशभर के कई राज्यों ने मई का महीना आने के साथ ही वातावरण में सूरज की बढ़ती तपिश, भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए बच्चों और उनके अभिभावकों को बड़ी राहत दी है और स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। इस दौरान दिल्ली व राजस्थान समेत देश के कई राज्यों में गर्मी की छुट्टियों की तारीखों की घोषणा कर दी गई है, जबकि कुछ राज्यों में भीषण गर्मी के चलते छुट्टियां पिछले महीने से ही शुरू हो चुकी हैं।
वैसे तो देश के कई हिस्सों में अप्रैल के महीने में ही पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया था, जिसके बाद राज्य सरकारों ने स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया था, इसी बीच अप्रैल के आखिरी हफ्ते के दौरान दिल्ली, राजस्थान, झारखंड और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि से मौसम में थोड़ी ठंडक भी आई, लेकिन अब उस ठंडक का अहसास खत्म होने के बाद एकबार फिर आसमान से आग बरसने लगी है। इसी को देखते हुए विभिन्न राज्यों के शिक्षा विभागों ने लंबी छुट्टियों की घोषणा कर दी है।
दिल्ली में 50 दिनों का ग्रीष्मकालीन अवकाश
दिल्ली में शिक्षा निदेशालय ने राज्य के स्कूलों के लिए 50 दिन की छुट्टियों की घोषणा की है। इस दौरान स्कूलों में 11 मई से 30 जून, 2026 तक छुट्टियां रहेंगी। अवकाश समाप्त होने के बाद सभी स्कूल एक जुलाई 2026 से दोबारा खुलेंगे और उसी दिन से शिक्षण कार्य भी शुरू होगा।
नोएडा समेत यूपी के अन्य हिस्सों में 26 दिन की छुट्टियां
उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा जारी 2026-27 के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार, सरकारी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और समग्र विद्यालयों में 20 मई से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा और इस दौरान वे बंद रहेंगे। हालांकि विभाग ने निजी स्कूलों को अपने अनुसार समय-सारिणी का पालन करने की अनुमति दी है।
गाजियाबाद समेत हरियाणा में 30 दिन की छुट्टियां
विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हरियाणा के स्कूलों में 1 जून से 30 जून तक गर्मियों की छुट्टियां रहने की उम्मीद है।
राजस्थान में 33 दिन के लिए बंद रहेंगे स्कूल
राजस्थान शिक्षा विभाग के आधिकारिक कैलेंडर के अनुसार, राज्य के सभी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस दौरान 17 मई से 20 जून 2026 तक स्कूल बंद रहेंगे। हालांकि विभाग ने यह भी कहा है कि अगर जून के अंत में गर्मी कम नहीं हुई, तो छुट्टियों को जिला स्तर पर आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
मध्य प्रदेश में 45 दिनों की गर्मी की छुट्टियां
मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के चलते स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। सत्र 2026-27 के लिए, छात्रों को 1 मई 2026 से 15 जून 2026 तक 45 दिनों की लंबी गर्मी की छुट्टियां मिलेंगी। इस दौरान प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे, जबकि शिक्षकों के लिए 1 मई से 31 मई तक का अवकाश घोषित किया गया है।
छत्तीसगढ़ में 55 दिनों का अवकाश
छत्तीसगढ़ में गर्मी की छुट्टियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं। राज्य सरकार के स्कूल प्रशासन विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार प्रदेश के स्कूलों में 20 अप्रैल से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश दिया गया है। इस दौरान 56 दिनों तक प्रदेश के स्कूलों में पढ़ाई बंद रहेगी।
ओडिशा में भी शुरू हो चुकीं गर्मी की छुट्टियां
ओडिशा सरकार ने पिछले महीने ही राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए 27 अप्रैल से गर्मियों की छुट्टियां शुरू करने की घोषणा कर दी थी। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 24 अप्रैल को राज्य भर में चल रही लू के कारण स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों को शुरू करने का ऐलान किया था। इस बारे में जारी सरकारी आदेश के अनुसार सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूल 27 अप्रैल से बंद हो गए, जबकि पहले से तय परीक्षाएं और सरकारी काम योजना के अनुसार जारी हैं।




साइन इन