Gurugram sector 68 and 69 dividing main road to connect Sohna Highway benefit for several sectors and societies गुरुग्राम में दो सेक्टरों का मेन रोड सोहना हाईवे से जुड़ेगा, कई सेक्टर व सोसाइटियों को होगी सुविधा, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गुरुग्राम में दो सेक्टरों का मेन रोड सोहना हाईवे से जुड़ेगा, कई सेक्टर व सोसाइटियों को होगी सुविधा

Gurugram News : गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने सेक्टर-68 और 69 को बांटने वाले मेन रोड को गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। इस पर करीब 25 करोड़ रुपये की लागत आएगी। 

Mon, 13 April 2026 02:57 PMPraveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
गुरुग्राम में दो सेक्टरों का मेन रोड सोहना हाईवे से जुड़ेगा, कई सेक्टर व सोसाइटियों को होगी सुविधा

Gurugram News : गुरुग्राम में रहने वालों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। गुरुग्राम के सेक्टर-68 और 69 को विभाजित कर रही मुख्य सड़क को गुरुग्राम-सोहना हाईवे से गांव बादशाहपुर के पास जोड़ने की तैयारी गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने शुरू कर दी है। इस मुख्य सड़क के निर्माण पर करीब 25 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मुख्य सड़क के साथ-साथ सर्विस रोड, फुटपाथ और नाला बनाया जाएगा।

करीब दो किलोमीटर लंबी इस मुख्य सड़क का आधा किलोमीटर का हिस्सा बना हुआ था। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का मामला अदालत में विचाराधीन था। कोर्ट से स्टे हटने के बाद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने जनवरी में अधिग्रहित जमीन पर बुलडोजर चलाया था। इसके बाद जमीन का कब्जा जीएमडीए को सौंप दिया गया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुरुग्राम के कई सेक्टरों में 400 से ज्यादा मकानों को HSVP के नोटिस, जानिए वजह

जीएमडीए द्वारा इस मुख्य सड़क के निर्माण को लेकर करीब 25 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा से मंजूरी लेने के बाद इसके निर्माण को लेकर टेंडर जारी कर दिया है। ऐसा माना जा रहा है कि अगले तीन से चार महीने के अंदर यह टेंडर आवंटित हो जाएगा। टेंडर आवंटन के बाद एक साल के अंदर इस मुख्य सड़क का निर्माण कर पूरा कर दिया जाएगा।

एसपीआर पर यातायात का दबाव कम होगा

मौजूदा समय में सेक्टर-68, 69, 70, 70ए में विकसित रिहायशी सोसाइटियों का आना-जाना सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) से होता है। इस मुख्य सड़क के बनने के बाद एसपीआर पर भी ट्रैफिक का दबाव कुछ कम हो जाएगा। सोहना हाईवे से जुड़ने के बाद इन सोसाइटियों में रह रहे हजारों परिवारों का आवागमन सुगम हो जाएगा। जीएमडीए की एसपीआर पर एलिवेटेड रोड के निर्माण की योजना है। इसके निर्माण के दौरान वाहन चालकों के लिए सेक्टर-68 और सेक्टर-69 को विभाजित कर रही मुख्य सड़क विकल्प का काम करेगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुरुग्राम में यह सड़क बनेगी ‘मॉडल रोड’; सुभाष चौक फ्लाईओवर की भी संवरेगी सूरत

लोगों ने कहा, आवागमन आसान हो जाएगा

सेक्टर-68 परीना मिकासा सोसाइटी में रहने वाले प्रदीप सिंह का कहना है उनकी सोसाइटी इस मुख्य सड़क पर है। अभी सोसाइटी में रह रहे सैकड़ों परिवारों को सेक्टर-69-70 की मुख्य सड़क से आना-जाना पड़ता है। सोहना हाईवे से इसके जुड़ने के बाद आवागमन आसान हो जाएगा। वहीं, सेक्टर-70ए बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन सोसाइटी में रहने वाले रजत कुमार ने बताया कि इस रोड के बनने से सेक्टर-68 से लेकर 70ए तक विकसित रिहायशी सोसाइटियों के निवासियों को लाभ मिलेगा। पिछले चार साल से इस सड़क के निर्माण का इंतजार कर रहे हैं। एसपीआर पर यातायात दबाव अधिक हो गया है। सड़क बनने से विकल्प मिल जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुरुग्राम की नई सोसाइटियों में अब सिर्फ बाइक नहीं, कार पार्किंग भी होगी जरूरी
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।