gurugram scorpio driver brutality first hit after protest hit victim again गुरुग्राम में डॉक्टर बना हैवान; स्कॉर्पियो से पहले टक्कर मारी, विरोध पर दोबारा कुचला- VIDEO, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गुरुग्राम में डॉक्टर बना हैवान; स्कॉर्पियो से पहले टक्कर मारी, विरोध पर दोबारा कुचला- VIDEO

गुरुग्राम के सेक्टर-93 में एक स्कॉर्पियो ड्राइवर ने डिलीवरी बॉय को बेरहमी से कई बार कुचल डाला। इस खौफनाक वारदात का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया है जो अब वायरल हो रहा है। आरोपी एक डॉक्टर है। 

Mon, 19 Jan 2026 10:43 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, गौरव चौधरी, गुरुग्राम
share
गुरुग्राम में डॉक्टर बना हैवान; स्कॉर्पियो से पहले टक्कर मारी, विरोध पर दोबारा कुचला- VIDEO

गुरुग्राम में सरकारी डॉक्टर की हैवानियत सामने आई है। गुरुग्राम के सेक्टर-93 स्थित हयातपुर इलाके में रविवार रात स्कॉर्पियो सवार एक डॉक्टर ने सड़क किनारे खड़े फूड डिलीवरी ब्वॉय को पहले टक्कर मारी। विरोध करने पर दोबारा गाड़ी उनके ऊपर चढ़ा दी। इसमें एक डिलीवरी ब्वॉय गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है।

आरोपी डॉक्टर गिरफ्तार

गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर-10 थाने में हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर स्वास्थ्य विभाग में तैनात सरकारी डॉक्टर नवीन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शी डिलीवरी ब्वॉय विक्रम ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े दस बजे पांच-छह राइडर्स हयातपुर में पिकअप पॉइंट पर अपने अगले ऑर्डर का इंतजार कर रहे थे। वे सभी सड़क किनारे अपनी बाइकों के साथ खड़े थे।

विरोध पर गाड़ी वापस लेकर कुचला

इसी दौरान एक तेज रफ्तार काले रंग की स्कॉर्पियो कार ने डिलीवरी बॉय को टक्कर मार दी। आरोप है कि जब राइडर्स ने इसका विरोध किया तो स्कॉर्पियो चालक आरोपी डॉक्टर ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे वापस मोड़ लिया। इसके बाद जानबूझकर जमीन पर गिरे राइडर्स को कार से कुचल दिया। बताया जाता है कि रेवाड़ी का रहने वाला टिंकू पंवार गाड़ी के टायर के नीचे आ गया जबकि अन्य साथियों ने कूदकर अपनी जान बचाई।

घायल राइडर की हालत नाजुक

वारदात के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल टिंकू पंवार को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए रेवाड़ी ले गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार, टिंकू के सिर, छाती और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। वह फिलहाल आईसीयू में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।

घटना कैमरे में कैद

यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। सोमवार सुबह तक आरोपी की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित दर्जनों डिलीवरी ब्वॉय ने सेक्टर-93 पुलिस चौकी पर जाकर नाराजगी जाहिर की। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो को जब्त कर स्वास्थ्य विभाग में तैनात डॉक्टर नवीन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में 7,500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खराब; क्या वजह, आगे कौन से कदम?
ये भी पढ़ें:दिल्ली में 23 जनवरी को तेज हवा के साथ होगी बारिश; उसके पहले कैसा रहेगा मौसम?
ये भी पढ़ें:ग्रेनो में इंजीनियर की मौत पर ऐक्शन; जेई टर्मिनेट, दो अधिकारियों को नोटिस

आरोपी बोला, इसलिए मारी टक्कर

आरोपी डॉ. नवीन यादव ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह प्राइमरी हेल्थ सेंटर दौलतबाद में आयुर्वेद डॉक्टर के पद पर तैनात है। उनका मकान भगत सिंह कॉलोनी नजदीक स्विगी स्टोर के पास है। डिलीवरी ब्वॉय अपनी बाइक रास्ते में खड़ी कर देते थे, जिसके चलते गाड़ी ले जाने में दिक्कत होती थी। इसी वजह से उसने गाड़ी से टक्कर मारकर वारदात को अंजाम दिया।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।