गुरुग्राम में अब घर बैठे मिलेगा पानी का कनेक्शन, नहीं लगाने होंगे दफ्तरों के चक्कर
गुरुग्राम नगर निगम ने पेयजल और सीवरेज कनेक्शन प्राप्त करने की जटिल प्रक्रिया खत्म कर दी है। इससे अब लोग घर बैठे पेयजल कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकेंगे। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

अब गुरुग्राम के निवासियों को पानी के नेक्शन के लिए नगर निगम के दफ्तर जाने की जरूरत नहीं होगी। नगर निगम ने पूरी प्रक्रिया को हंड्रेड परसेंट ऑनलाइन और डिजिटल कर दिया है। माना जा रहा है कि इस सहूलियत से लोगों का समय और पैसा दोनों बचेगा। अब गुरुग्राम निवासी प्रॉपर्टी आईडी के माध्यम से घर बैठे आसानी से आवेदन कर सकेंगे। यही नहीं आवेदक अपने आवेदन की स्थिति भी ट्रैक कर सकेंगे। इसके साथ ही पानी के बिल जमा करने की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 8 मार्च कर दी गई है।
अब आवेदन 100 फीसदी ऑनलाइन
अधिकारियों ने बताया कि मिलेनियम सिटी में अब लोग घर बैठे पेयजल कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए नगर निगम गुरुग्राम ने डिजिटल क्रांति की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। पेयजल और सीवरेज कनेक्शन प्राप्त करने की जटिल प्रक्रिया को पूरी तरह खत्म करते हुए निगम ने इसे 100 फीसदी ऑनलाइन और पारदर्शी बना दिया है।
पानी और सीवर सेवाओं के लिए डिजिटल मॉड्यूल
गुरुग्राम अब हरियाणा का पहला ऐसा नगर निगम बन गया है, जिसने पानी और सीवर सेवाओं के लिए पूरी तरह से समर्पित और आसान डिजिटल मॉड्यूल पेश किया है। अब शहर के 22 लाख लोगों को एक अदद कनेक्शन या बिल ठीक करवाने के लिए बाबुओं और बिचौलियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
लगाने पड़ते थे अधिकारियों के चक्कर
अब तक लोगों को पानी का कनेक्शन लेने के लिए पहले सरल पोर्टल पर आवेदन करना पड़ता था, इसके बाद पंजीकरण नंबर लेकर निगम अधिकारियों के पास चक्कर लगाने पड़ रहे थे।
आसानी से मिलेगा पानी-सीवर कनेक्शन
आवेदन में कई प्रकार के कागज जैसे संपत्तिकर, मकान की रजिस्ट्री, पैन कार्ड आधार कार्ड, मकान मालिक के साथ फोटो सहित कई प्रकार की जटिलताएं थी, लेकिन अब लोगों को बड़े आसान और जल्दी पानी-सीवर के कनेक्शन मिल जाएंगे।
लोगों को ये फायदे होंगे
● नगर निगम कार्यालय जाने की जरूरत खत्म होने से लोगों का समय बचेगा और आने-जाने का किराया भी बचेगा।
● पूरी प्रक्रिया डिजिटल होने से बिचौलियों की भूमिका खत्म हो गई है, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी।
● आवेदन की स्थिति जांच सकेंगे। प्रॉपर्टी आईडी से लिंक होने के कारण भविष्य में संपत्ति कर का डेटा एक साथ रहेगा।
प्रॉपर्टी आईडी और पहचान पत्र की जरूरत पड़ेगी
नगर निगम द्वारा विकसित यह नया सिस्टम अब निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.mcg.gov.in पर उपलब्ध है। वेबसाइट पर वाटर बिल के नाम से एक विशेष विकल्प दिया गया है। अब नए कनेक्शन के लिए आवेदक को केवल अपनी प्रॉपर्टी आईडी और एक पहचान पत्र (आधार कार्ड, वोटर कार्ड आदि) की आवश्यकता होगी। निगम का दावा है कि यदि दस्तावेज सही हैं, तो नागरिक घर बैठे महज दो मिनट में अपना आवेदन पूरा कर सकते हैं।
पानी का बिल जमा करने की लास्ट डेट भी बढ़ाई
अधिकारियों ने कहा कि नया डिजिटल मॉड्यूल लागू होने के दौरान तकनीकी बदलावों के कारण उपभोक्ताओं को कोई असुविधा ना हो, इसके लिए नगर निगम ने एक और राहत दी है। पानी के बिल भुगतान की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 8 मार्च कर दिया गया है। इस तिथि तक बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं से कोई विलंब शुल्क (लेट फीस) नहीं लिया जाएगा। निगम आयुक्त ने अपील की है कि उपभोक्ता इस समय का लाभ उठाएं और नए सिस्टम के साथ अपने कनेक्शन को लिंक कर लें।




साइन इन