बिना जाम पहुंचेंगे गुरुग्राम, नमो भारत कॉरिडोर से कैसे मिलेगा नोएडा को लाभ, समझिए पूरा प्लान
गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा नमो भारत परियोजना की तैयारी तेज हो गई है। इस रूट के बनने से गौतमबुद्ध नगर के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वे दिल्ली के जाम में फंसे बिना नोएडा से गुरुग्राम और फरीदाबाद जा सकेंगे। नमो भारत की दोनों लाइन सूरजपुर में मिलेंगी।

गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा नमो भारत परियोजना की तैयारी तेज हो गई है। इस रूट के बनने से गौतमबुद्ध नगर के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वे दिल्ली के जाम में फंसे बिना नोएडा से गुरुग्राम और फरीदाबाद जा सकेंगे। नमो भारत की दोनों लाइन सूरजपुर में मिलेंगी।
हरियाणा सरकार की ओर से बुधवार को गुरुग्राम-फरीदाबाद नमो भारत लाइन को गाजियाबाद-एयरपोर्ट लाइन से सूरजपुर में लिंक करने की मंजूरी मिली, तो लोगों के चेहरे खिल गए। जानकारी के मुताबिक गुरुग्राम के इफको चौक से नोएडा के सेक्टर-18 की दूरी 44 किलोमीटर है, जबकि ग्रेटर नोएडा के परी चौक की दूरी 62 किलोमीटर है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा से लाखों लोग रोजाना गुरुग्राम और फरीदाबाद की कंपनियों में नौकरी के लिए जाते हैं। मेट्रो या नमो भारत की सुविधा न होने से उन्हें सड़कों पर जाम से जुझना पड़ता है। वे जाम से बचने के लिए सुबह छह बजे घर छोड़ देते हैं। किराये का बोझ कम करने के लिए उन्हें कार पूल का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार और गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए नोएडा एयरपोर्ट लाइन आपस में जुड़ने से लोगों को राहत मिलेगी।
सूरजपुर में दोनों लाइन जुड़ेंगी
नोएडा एयरपोर्ट तक गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार से नमो भारत और मेट्रो के 72.4 किलोमीटर ट्रैक की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार है। यह 71.3 किलोमीटर ट्रैक एलिवेटेड और 1.1 किलोमीटर भूमिगत होगा। ट्रैक पर 22 स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें 11 नमो भारत और 11 मेट्रो के होंगे। यह रूट दो हिस्सों में तैयार होगा।
पहला गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार से शुरू होकर चारमूर्ति होते हुए इकोटेक-6 और दूसरा इकोटेक-6 से यमुना सिटी के सेक्टर-17, 18 व 21 (फिल्म सिटी) होते हुए एयरपोर्ट तक जाएगा। अब गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए ग्रेटर नोएडा तक 60 किलोमीटर लंबा ट्रैक भी बिछेगा, जो ग्रेनो के सूरजपुर में जुड़ेगा। जहां से लोग आसानी से गाजियाबाद, गुरुग्राम-फरीदाबाद और नोएडा एयरपोर्ट आ जा सकेंगे। मंजूरी के बाद अब इसकी डीपीआर पर काम शुरू होगा।
ट्रैक की गोलाकार आकृति बनेगी
जिस प्रकार सड़कों को रिंग रोड के रूप में विकसित कर दूसरी सड़कों से जोड़ा जाता है, उसी तरह से गाजियाबाद और ग्रुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा की नमो भारत ट्रेन को जोड़ा जाएगा। दिल्ली से गाजियाबाद होते हुए मोदी नगर तक नमो भारत ट्रेन चल रही है, जबकि गाजियाबाद से एयरपोर्ट तक डीपीआर तैयार है। अब दिल्ली से गुरुग्राम और गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक नमो भारत का खाका तैयार होगा। ट्रैक गोालाकार आकृति का दिखेगा।
परियोजना पांच वर्ष में पूरी होगी
गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक 72.4 किलोमीटर ट्रैक पर नमो भारत और मेट्रो चलाने की परियोजना पर कुल 20,360.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अवार्ड घोषित होने के बाद चयनित कंपनी को निर्माण कार्य पांच वर्ष में पूरा करना होगा। हालांकि, भविष्य में यदि एलआरटी चलाने की भी संभावना बनेगी तो इसे भी एयरपोर्ट तक नमो भारत के ट्रैक पर ही चलाने की योजना तैयार की जाएगी। इस परियोजना का प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास है, जहां से मंजूरी का इंतजार है।
एफएनजी योजना पर काम चल रहा
नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद को नजदीक लाने के लिए एफएनजी योजना पर काम चल रहा है। इसका एक हिस्सा उत्तर प्रदेश सरकार पूरा कर चुकी है, बाकी हिस्सा फरीदाबाद में बनाया जाएगा। यमुना पर पुल बनाया जाएगा। इसकी डीपीआर तैयार हो चुकी है। डीपीआर की मंजूरी का इंतजार है।




साइन इन