गुरुग्राम में कंपनी से 90 लाख की धोखाधड़ी, महिला गिरफ्तार; वेंडर्स के खातों की जगह रिश्तेदारों के नंबर डाले
गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, 'पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने बताया कि ठगी गई रकम में से कुल 91 लाख 99 हजार 617 रुपए बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किए गए थे।

गुरुग्राम में एक निजी कंपनी के साथ लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, खास बात यह है कि इस वारदात को कंपनी की पूर्व कर्मचारी ने ही अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि यह धोखाधड़ी 'मिनीसो लाइफ स्टाइल प्राइवेट लिमिटेड' नाम की कंपनी के साथ हुई। इस मामले में पुलिस ने कंपनी की उस पूर्व महिला कर्मचारी को करीब 92 लाख रुपए हड़पने के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोपी महिला ने फर्जी बिलों और जटिल ट्रांजेक्शन के जरिए इस वारदात को अंजाम दिया।
ऑपरेशंस एडमिन ने अकाउंटेंट के साथ मिलकर की वारदात
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार की गई महिला की पहचान पूजा रानी (34) के रूप में हुई है, जिसे मंगलवार को फरीदाबाद से पकड़ा गया। पूजा साल 2017 से कंपनी में ऑपरेशंस एडमिन के पद पर कार्यरत थी। जांच में सामने आया है कि उसने कंपनी के एक अकाउंटेंट अमित के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया।
वेंडर्स के असली खातों को रिश्तेदारों के खातों से बदल दिया
आगे धोखाधड़ी का तरीका बताते हुए पुलिस ने कहा कि कंपनी में ऑपरेशंस एडमिन के तौर पर काम कर रही आरोपी महिला ने तब अकाउंटेंट अमित की मदद से वेंडर्स के बैंक अकाउंट बदलकर, उनकी जगह अपने रिश्तेदारों के खातों को अपडेट कर दिया और फिर नकली बिल बनाकर, उन्हें पास करते हुए पैसों को अपने रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर कर इस पूरी धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
तीन साल से हो रही धोखाधड़ी का पता कंपनी को 2024 में चला
यह धोखाधड़ी साल 2020 से 2023 के बीच की गई थी और इस हेराफेरी के बारे में कंपनी को सितंबर, 2024 में पता चला, जिसके बाद कंपनी के एक प्रतिनिधि ने शिकायत दर्ज कराई कि दोनों आरोपियों ने कंपनी के वेंडर्स के बैंक अकाउंट बदलकर, नकली वेंडर्स बनाकर और कंपनी के बैंक अकाउंट से अपने रिश्तेदारों के बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करके करोड़ों रुपए की इस ठगी को अंजाम दिया। जिसके बाद सेक्टर 50 के पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई।
रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर की करीब 92 लाख रुपए की राशि
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि, 'पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने कबूल किया कि उसने अमित के साथ मिलकर कुल 91 लाख 99 हजार 617 रुपए की धोखाधड़ी की है और इस राशि को उनके द्वारा अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया था।' उसने अमित के साथ मिलकर नकली बिल, नकली वेंडर बनाकर और कंपनी के वेंडर के बैंक अकाउंट बदलकर धोखाधड़ी करने की बात कबूल की। हम महिला से आगे पूछताछ कर रहे हैं।'
पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्रवाई
इस मामले में सह-आरोपी अकाउंटेंट अमित को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अब पूजा रानी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस घोटाले में क्या कुछ और लोग भी शामिल थे, तथा क्या गबन की गई राशि उतनी ही है, या और भी ज्यादा हो सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन