गुरुग्राम में रिटायर कर्नल के परिवार को बंधक बनाकर लूट, ऐसे की वारदात
गुरुग्राम के सेक्टर-23 में शनिवार को तड़के एक रिटायर कर्नल के घर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने बेटे के परिवार को धमकाया और लाखों रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए।

गुरुग्राम के सेक्टर-23 में शनिवार तड़के करीब 2:45 बजे हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने एक रिटायर कर्नल के घर में खिड़की की ग्रिल काटकर लूट की। लुटेरों ने कर्नल के बेटे विकास जैन और उनके परिवार को हथियारों के बल पर डराकर लाखों रुपये के सोने-हीरे के आभूषण और नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देकर लुटेरे करीब 3:15 बजे भाग गए। आरोपी आपस में बंगाली में बात कर रहे थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।
पालम विहार थाना पुलिस और अपराध शाखा की टीमें जांच में जुटी हुई हैं। एक बदमाश ने गुरुवार देर रात दो बजे के लगभग मकान के पीछे बने पार्क से बालकनी में प्रवेश किया। वहां पर कई चक्कर लगाने के बाद सीसीटीवी कैमरे का मुंह दीवार की तरफ करने के बाद मंदिर वाले कमरे की खिड़की की ग्रील को काटा गया और बदमाश अंदर घुस गया। उसके बाद बाहर खड़े तीनों बदमाशों ने गेट से प्रवेश किया।
पीड़ित 37 वर्षीय विकास जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उनकी पत्नी खुद की एक सलाहाकार कंपनी चलाते हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार देर रात मकान के ग्राउंड फ्लोर पर मां और सेवानिवृत कर्नल सीएल जैन सो रहे थे। मकान की पहली मंजिल एक कमरे में पत्नी राखी और 11 साल की बेटी सो रही थी। विकास जैन खुद दूसरे कमरे में सो रहे थे। घर में घुसने के बाद बदमाशों ने सबसे पहले उसके कमरे की तलाशी ली।
इसके बाद वे दूसरे कमरे में गए जहां विकास जैन की पत्नी राखी और बेटी सो रही थीं। बदमाशों ने हथियारों के बल पर दोनों को बंधक बना लिया, जब पत्नी ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उनकी पत्नी का मुंह दबाया और जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने विकास की पत्नी को डरा-धमकाकर हीरे के कान के झुमके, नाक की पिन, हीरे की अंगूठी और चूड़ियां जबरन उतरवा लीं।
इसके बाद उन्होंने ड्रेसिंग टेबल को खंगाला और वहां पाउच में छुपाकर रखे गए जेवरात भी निकाले गए। घर में रखे बेटी के मेडल भी ले लिए। उसके बाद दूसरे कमरे में सो रहे विकास जैन के कमरे के दरवाजे को खटखटाया। कमरे से बाहर आने पर उनको भी डराया। उसके बाद तीनों को एक कमरे में बंधक बना लिया और शोर मचाने पर धमकी दी। घर की लाइट भी जलाने नहीं दी, बदमाश अपने फोन की टार्च जलाकर घर में सामान चोरी करते रहे।
वारदात के बाद बदमाशों ने पुलिस को फोन न करने की सख्त हिदायत दी और परिवार के तीनों मोबाइल फोन भी छीन लिया। करीब आधे घंटे से अधिक समय के बाद सुबह करीब सवा तीन बजे आरोपी वहां से पैदल ही फरार हो गए। सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित परिवार ने जैसे-तैसे खुद को संभाला और सुबह करीब साढ़े तीन बजे पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर घटना की सूचना दी।




साइन इन