गुरुग्राम में बनेंगे 3 नए फ्लाईओवर, मिलेनियम सिटी सेंटर से द्वारका एक्सप्रेसवे तक सिग्नल फ्री होगा सफर
गुरुग्राम में जाम से निपटने के लिए जीएमडीए मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से लेकर बख्तावर चौक तक तीन नए फ्लाईओवर निर्माण की योजना बनाई है। इनके बनने से मेट्रो स्टेशन से लेकर द्वारका एक्सप्रेसवे तक की सड़क सिग्नल फ्री हो जाएगी।

गुरुग्राम शहर में हर दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए तेजी से काम हो रहा है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने इसके लिए मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से लेकर बख्तावर चौक तक तीन नए फ्लाईओवर निर्माण की योजना बनाई है। इनके बनने से मेट्रो स्टेशन से लेकर द्वारका एक्सप्रेसवे तक की सड़क सिग्नल फ्री हो जाएगी।
इस पर चर्चा करने के लिए जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा की अध्यक्षता में शुक्रवार को एक बैठक हुई। बैठक में गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) के अधिकारी शामिल रहे। मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से सुभाष चौक, हीरो होंडा चौक, उमंग भारद्वाज और बसई चौक होते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे तक सड़क की लंबाई करीब 16 किलोमीटर है।
बख्तावर चौक पर जीएमआरएल की तरफ से तीन-तीन लेन के फ्लाईओवर का निर्माण पहले से प्रस्तावित है। सुभाष चौक पर फ्लाईओवर बना हुआ है। हीरो होंडा चौक पर अंडरपास है। हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक एलिवेटेड रोड प्रस्तावित है। उमंग भारद्वाज चौक से लेकर द्वारका एक्सप्रेसवे तक अधिकांश हिस्से में एलिवेटिड रोड बना हुआ है। जीएमडीए ने मिलेनियम सिटी सेंटर से लेकर बख्तावर चौक के बीच में यातायात को सिग्नल फ्री करने की योजना बनाई है। इसमें तीन चौराहों पर तीन-तीन लेन का फ्लाईओवर का निर्माण करने की योजना है।
सड़क सिग्नल फ्री होगी
सेक्टर-24 से लेकर सेक्टर-57 तक 60 मीटर चौड़ी दो सड़क हैं। इनमें मिलेनियम सिटी सेंटर से लेकर द्वारका एक्सप्रेसवे की तरफ जा रही सड़क और इफ्को चौक से एसपीआर की सड़क शामिल है। इफ्को चौक से एसपीआर तक सड़क निर्माण की योजना जीएमडीए की तरफ से बनाई जा चुकी है। समिति की बैठक में टेंडर को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की दिशा में काम शुरू हो जाएगा।
हेमंत यादव चीफ, इंजीनियर, जीएमडीए, ''मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से लेकर बख्तावर चौक तक तीन नए फ्लाईओवर निर्माण की योजना बनाई है। इनके बनने से यह सड़क यातायात फ्री हो जाएगी।''
गुरुग्राम ओवरलोड भारी वाहनों को रोकने के लिए टीम गठित
गुरुग्राम शहर की सड़कों पर ओवरलोड और तेज रफ्तार से दौड़ने वाले भारी वाहनों के खिलाफ क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) ने सख्त अभियान शुरू करने का फैसला किया है। विभाग ने विशेष तीन टीमों का गठन किया है, जो रात के समय प्रमुख मार्गों पर जांच अभियान चलाएंगी। आरटीए की टीमें फरीदाबाद रोड, दिल्ली-जयपुर हाईवे, साउदर्न पेरिफेरल रोड और केएमपी एक्सप्रेसवे समेत जिले की मुख्य सड़कों पर वाहनों की जांच करेंगी। विभाग के अनुसार पिछले एक महीने में नियमों का उल्लंघन करने वाले 500 से अधिक भारी और ओवरलोड वाहनों पर करीब 1.75 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। अभियान के तहत वाहनों के वजन की जांच की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि बार-बार नियम तोड़ने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस और परमिट रद्द करने की सिफारिश भी की जाएगी। आरटीए सचिव संजीव सिंगला ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।




साइन इन