गुरुग्राम में भीषण सड़क हादसा, सिटी बस की टक्कर से कार के टुकड़े-टुकड़े, युवक ने मौके पर दम तोड़ा
गुरुग्राम में सिटी बस का कहर देखने को मिला। भीषण टक्कर से कार के पूरी तरह पिचक गई। कार में सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तस्वीर में हादसे के मंजर का पता चलता है।

गुरुग्राम में सिटी बस का कहर देखने को मिला है। कापसहेड़ा बॉर्डर रोड पर सीएनजी पेट्रोल पंप के पास सिटी बस ने एक कार को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में कार पूरी तरह से पिचक गई और उसके टुकड़े-टुकड़े हो गए। कार में सवार एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है।
कार के परखच्चे उड़ गए, मौके पर तोड़ा दम
मृतक की पहचान गुरुग्राम के सेक्टर-41 स्थित लॉसम-2 सोसाइटी में रहने वाले 24 साल के संभव निगम के रूप में हुई है। संभव निगम अपनी होंडा अमेज कार से पालम विहार में दोस्त से मिलने के बाद वह घर लौट रहा था। जैसे ही संभव कापसहेड़ा बॉर्डर के नजदीक सीएनजी पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो गुरुग्राम की ओर से आ रही तेज रफ्तार सिटी बस ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमेज गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। बस को भी काफी नुकसान हुआ।
हादसे में संभव निगम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस में सवार कुछ यात्रियों को भी मामूली चोट आई। हादसे के बाद आरोपी सिटी बस ड्राइवर घायल हालत में ही मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले कर जांच शुरू कर दी है।
निजी कंपनी में काम करता था
मृतक संभव निगम एक निजी कंपनी में काम करता था। हादसे में जवान बेटे को खोने के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। पालम विहार थाने के जांच अधिकारी पवन ने बताया कि यह हादसा मोलाहेड़ा मोड़ के पास हुआ है। यह दुर्घटना संभावित क्षेत्र है। जिससे यह हादसा हुआ है वह बस महावीर चौक से कापसहेड़ा बॉर्डर पर रूट नंबर 215बी पर चलती है।
हादसे की वजह लापरवाही और तेज रफ्तार
यह हादसा चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ है। गुरुग्राम सिटी बस डिपो में ड्राइवर की डिटेल मंगवाई गई है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। उसके के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, गुरुग्राम में सिटी बसों से हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। सड़कों पर लापरवाही और तेज रफ्तार से दौड़ रही ये बसें अन्य वाहन चालकों के लिए काल बन रही हैं। स्थानीय लोग बार-बार तेज रफ्तार बसों की शिकायत करते रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
रिपोर्ट: मोनी देवी




साइन इन