Gurugram boy died in tulip wallet society in after falling from 14th floor in suspicious circumstances गुरुग्राम में संदिग्ध हालात में 14वीं मंजिल से गिरकर बच्चे की मौत, मां-बाप का इकलौता बेटा था आरव, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गुरुग्राम में संदिग्ध हालात में 14वीं मंजिल से गिरकर बच्चे की मौत, मां-बाप का इकलौता बेटा था आरव

गुरुग्राम की ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी में 14वीं मंजिल से गिरकर 13 साल के एक बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक आरव घटनास्थल से करीब ढाई किलोमीटर दूर सेक्टर-70ए स्थित बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन सोसाइटी में रहता था। आरव घर का इकलौता बेटा था।

Tue, 3 Feb 2026 09:21 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share
गुरुग्राम में संदिग्ध हालात में 14वीं मंजिल से गिरकर बच्चे की मौत, मां-बाप का इकलौता बेटा था आरव

गुरुग्राम सेक्टर-69 स्थित ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी में 14वीं मंजिल से गिरकर 13 साल के एक बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक आरव घटनास्थल से करीब ढाई किलोमीटर दूर सेक्टर-70ए स्थित बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन सोसाइटी में रहता था। वह टावर पर से खुद कूदा या घटना के पीछे कोई और वजह है, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। आरव घर का इकलौता बेटा था। पुलिस ने आरव का मोबाइल जब्त कर लिया है।

घटना रविवार शाम करीब 4 बजकर 20 मिनट की है। बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन सोसाइटी की पहली मंजिल पर रहने वाला 13 साल का आरव शाम करीब 4 बजे अपनी सोसाइटी से निकला था। थोड़ी देर में वह सेक्टर-69 स्थित ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी में पहुंच गया। बताया जा रहा है कि सोसाइटी में प्रवेश के बाद यह टावर नंबर बी-11 की लिफ्ट में गया। वहां से छत पर चला गया। फिर कुछ नीचे गिरने की आवाज होने पर सुरक्षाकर्मियों ने जाकर देखा तो पाया कि एक बच्चा जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा था। सुरक्षाकर्मियों ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दी और एंबुलेंस बुलाई गई। जांच में पता चला कि यह बच्चा इस सोसाइटी का नहीं था। बाद में परिजनों ने मृतक बच्चे की पहचान आरव के रूप में की। सोमवार शाम को बच्चे का दाह संस्कार किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:‘पढ़ाई का था दबाव’,डायरी में लिखी एक और बात; गुरुग्राम में छात्रा ने किया सुसाइड

आरव के पिता अतुल सक्सेना एक टेलीकॉम कंपनी में काम करते हैं, जबकि उसकी मां चैतन्य टेक्नो स्कूल में टीचर हैं। आरव सेंट एंजेल स्कूल में पढ़ता था। उसकी मौसी की बेटी भी इस स्कूल में उसके साथ जाती है। स्थानीय निवासी के मुताबिक, जब आरव घर से निकला, जो उसके माता-पिता फ्लैट में थे। परिजनों ने समझा कि आरव खेलने के लिए बाहर जा रहा है। आरव अपना मोबाइल घर छोड़कर गया था।

बार-बार पीछे मुड़कर देख रहा था : बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन के एक निवासी ने बताया कि आरव की मौत के बाद जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पाया कि जब आरव बीपीटीपी सोसाइटी से बाहर निकल रहा था तो बार-बार पीछे मुड़कर देख रहा था। ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी में प्रवेश से पहले भी उसने पीछे मुड़कर देखा था।

छत का रास्ता खुला था : ट्यूलिप ऑरेंज सोसाइटी के एक फ्लैट में अक्टूबर, 2018 में आग लगने की घटना हुई थी। उसमें एक महिला की दम घुटने से मौत हो गई थी। उसके बाद एहतियातन छत पर जाने के लिए लगे दरवाजों को खोल दिया गया था।

मां-बाप का इकलौता बेटा था आरव

आरव की मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में है। बच्चे की मां बेसुध स्थिति में थीं। मौसी ने रोते-रोते बताया कि आरव काफी मन्नतों के बाद हुआ था। परिवार के सभी सदस्य उसे बहुत प्यार करते थे। दो दिन पहले ही उसे एक प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए स्केट खरीदकर दिए थे। स्केट लेकर वह बेहद खुश था। आरव अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। इकलौता होने के चलते पूरा परिवार और रिश्तेदार सभी आरव को बहुत प्यार करते थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कम पड़ी शराब तो दिल्ली से गुरुग्राम पहुंचे युवक, ठेके कर्मचारियों को जमकर पीटा

पिता बोले, आत्महत्या की यह घटना नहीं

मृतक आरव के पिता अतुल सक्सेना ने कहा कि बेटे की मौत उनके लिए एक अनसुलझी पहेली है। रविवार दोपहर को उसने अच्छे से भोजन किया। इसके बाद खेलने के लिए नीचे चला गया। जब शाम 6 बजे जब सैर के लिए नीचे उतरे तो उन्होंने आरव को कहीं नहीं पाया। काफी तलाशने के बाद जब सीसीटीवी फुटेज देखा तो वह सोसाइटी से बाहर जाता दिखा। आरव के मोबाइल में कोई गेमिंग ऐप नहीं है। वह मोबाइल अधिक नहीं देखता था। जब भी मोबाइल देखता था तो उनके सामने देखता था। यूट्यूब पर कुछ कॉमेडी सीरियल देखता था। आरव के मोबाइल को पुलिस को जांच के लिए सौंप दिया गया है। सक्सेना ने कहा कि आरव बिल्कुल परेशान नहीं था। पढ़ाई-लिखाई में बहुत अच्छा था। ये आत्महत्या नहीं है।

दो साल पहले मौसी रहती थीं इस सोसाइटी में

आरव की मौसी, नाना और नानी दो साल पहले ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी में रहते थे। जो अब ट्यूलिप व्हाइट सोसाइटी में शिफ्ट हो गए हैं। यह पता नहीं चल पा रहा कि आरव इस सोसाइटी में क्यों गया था? क्या किसी ने उसे बुलाया था? क्या उसे किसी ने छत से कूदने के बारे में कहा था? पुलिस ने आरव का मोबाइल जब्त कर लिया है और जांच जारी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुरुग्राम में टोल पर गुंडई, बैरिकेड तोड़कर निकाली स्कॉर्पियो,कर्मियों पर फायरिंग

आरडब्ल्यूए जागरूकता अभियान चलाएगी

ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी की आरडब्ल्यूए की प्रधान पूजा आनंद ने बताया कि वे अपनी सोसाइटी में जल्द जागरूकता अभियान चलाएंगी। वे अभिभावकों से आग्रह करेंगी कि वे अपने बच्चों के दोस्त बनें। उन्हें डांटने के बजाय उन्हें प्यार से समझाएं। वे मोबाइल पर क्या देख रहे हैं, किससे बात कर रहे हैं, इस पर ध्यान दें।

अशोक तंवर, जांच अधिकारी, थाना बादशाहपुर, ''बच्चे की मौत मामले की जांच की जा रही है। उसके मोबाइल को जब्त कर लिया है। दोनों सोसाइटी से सीसीटीवी फुटेज लिए हैं। आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है।''

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।