Ghamdoj toll plaza barricade broken and firing on staff by black scorpio riding miscreants gurugram crime news गुरुग्राम के घामडोज टोल प्लाजा पर स्कॉर्पियो में आए बदमाशों की गुंडई; बैरिकेड तोड़ा, कर्मियों पर फायरिंग, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गुरुग्राम के घामडोज टोल प्लाजा पर स्कॉर्पियो में आए बदमाशों की गुंडई; बैरिकेड तोड़ा, कर्मियों पर फायरिंग

गुरुग्राम के सोहना रोड पर स्थित घामडोज टोल प्लाजा पर गुरुवार रात बिना नंबर की एक काली स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने टोल के बैरिकेड तोड़ने के बाद कर्मचारियों पर फायरिंग कर दी। यह पूरी घटना टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

Fri, 30 Jan 2026 12:13 PMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम, गौरव चौधरी
share
गुरुग्राम के घामडोज टोल प्लाजा पर स्कॉर्पियो में आए बदमाशों की गुंडई; बैरिकेड तोड़ा, कर्मियों पर फायरिंग

गुरुग्राम के सोहना रोड पर स्थित घामडोज टोल प्लाजा पर गुरुवार रात बिना नंबर की एक काली स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों की गुंडागर्दी से हड़कंप मच गया। बदमाशों ने न केवल टोल के बैरिकेड तोड़े, बल्कि रोके जाने की कोशिश करने वाले टोल कर्मचारियों पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग भी कर दी। यह पूरी घटना टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

वारदात का घटनाक्रम

यह घटना गुरुवार रात करीब 8 बजकर 19 मिनट की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी काफी तेज रफ्तार में घामडोज टोल पर आई। गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। बदमाशों ने टोल टैक्स देने के बजाय सीधे बैरिकेड में टक्कर मार दी। टोल पर गुंडई और फायरिंग की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में स्कॉर्पियो सवार एक युवक को टोल प्लाजा कर्मियों से बहस करते हुए और फिर फायरिंग करते देखा जा सकता है।

बैरिकेड तोड़ा: टक्कर इतनी जोरदार थी कि बैरिकेड टूट गया।

कर्मचारियों से बहस: जब दो टोल कर्मियों ने साहस दिखाते हुए गाड़ी को रोकने की कोशिश की, तो गाड़ी में सवार युवक नीचे उतरने के बजाय बहस करने लगे।

दो राउंड फायरिंग: बहस के दौरान ही बदमाशों ने हथियार निकाल लिए और दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली पास के बैरिकेड पर लगी, जबकि दूसरी गोली 'फास्टैग' बोर्ड को चीरती हुई निकल गई।

बदमाश गाड़ी सहित फरार: फायरिंग होते ही टोल पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए बूथ की तरफ भागे। इसका फायदा उठाकर आरोपी गाड़ी सहित मौके से फरार हो गए।

जांच में जुटी पुलिस

टोल प्लाजा पर गुंडागर्दी और फायरिंग की घटना की सूचना मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची गई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।

दहशत में टोल कर्मचारी

फिलहाल भोंडसी थाना पुलिस इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कुछ भी स्पष्ट बोलने से बच रही है। वारदात के पीछे का असल कारण क्या था या बदमाश किस गिरोह से ताल्लुक रखते हैं, इसका पता आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही चल पाएगा। इस घटना ने एक बार फिर टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।