कम पड़ी शराब तो दिल्ली से गुरुग्राम पहुंचे युवक, ठेके कर्मचारियों को जमकर पीटा; गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि कर्मचारियों संग मारपीट के बाद आरोपियों ने पूरी पेमेंट की और नकली बंदूक लहराते हुए 'गंभीर परिणाम भुगतने' की चेतावनी देते हुए मौके से फरार हो गए।

गुरुग्राम पुलिस ने शराब की दुकान पर मारपीट और नकली बंदूक दिखाकर डराने के मामले में दिल्ली से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवकों की कार और साथ ही नकली बंदूक (पिस्टल नुमा लाइटर) को भी बरामद कर लिया है। मामला 28 जनवरी का है युवक बजघेड़ा थाना के अंतर्गत गुरुग्राम-नजफगढ़ रोड स्थित एक ठेके पर गए। इस दौरान स्टाफ से बीयर पर डिस्काउंट को लेकर कहासुनी हुई जो बाद में हिंसक हो गई। मारपीट के साथ ही युवकों ने नकली बंदूक निकालकर स्टाफ को खुलेआम धमकी भी दी।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान हर्ष (27) और अक्षत (24) के रूप में हुई है। हर्षंद प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है तो वहीं अक्षत का ट्रांसपोर्ट का बिजनेस है। दोनों पश्चिमी दिल्ली के नांगलोई के निवासी हैं। घटना में शामिल तीसरा संदिग्ध फिलहाल फरार है।
दोस्त की बर्थडे पार्टी में गए थे
हिंदुस्तान टाइम्स में छपी खबर के मुताबिक, गुरुग्राम पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संदीप तुरान ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात 11:30 से 11:50 बजे के बीच की है। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका से तीन युवक गुरुग्राम पहुंचे। पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दिल्ली में एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में गए थे और वहां शराब खत्म हो गई थी, जिसके बाद वे बजघेड़ा में शराब की दुकान पर पहुंचे। ऑर्डर देने के बाद, तीनों कथित तौर पर दुकान के कर्मचारियों से डिस्काउंट के लिए कहने लगे। कर्मचारियों ने उनसे कहा कि वे स्टोर मैनेजर से बात करें। इस दौरान कर्मचारियों और युवकों के बीच जमकर बहस और फिर हाथापाई शुरू हो गई।
'गंभीर परिणाम भुगतने' की चेतावनी
पुलिस ने बताया कि बहस के दौरान हर्ष नकली बंदूक लेने कार के पास चला गया। हालांकि इस बीच कर्मचारियों ने भी लाठियों से खुद को लैस कर लिया। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों संग मारपीट के बाद आरोपियों ने पूरी पेमेंट की और नकली बंदूक लहराते हुए 'गंभीर परिणाम भुगतने' की चेतावनी देते हुए मौके से फरार हो गए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन