गुरुग्राम में 100 झुग्गियों पर चला बुलडोजर; ड्रग्स बिक्री में इस्तेमाल का आरोप
गुरुग्राम पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत मंगलवार को एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए सेक्टर 44 में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके बनाई गई झुग्गियों को बुलडोजर चलाकर गिरा दिया।

गुरुग्राम पुलिस ने अपराध के खिलाफ जारी अभियान के तहत सेक्टर-44 की कन्हई कॉलोनी के पास सरकारी जमीन पर बनी 100 से अधिक अवैध झुग्गियों को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया है। आरोप है कि इन झुग्गियों का इस्तेमाल ड्रग्स की तस्करी और अन्य अपराधों के लिए किया जा रहा था। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई से प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि अपराध से बनाई गई अवैध संपत्तियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ड्रग्स का काला कारोबार किए जाने का आरोप
गुरुग्राम पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि इन झुग्गियों का उपयोग नशीले पदार्थों (ड्रग्स) को बेचने और अन्य गलत कामों के लिए किया जा रहा था। इन अवैध झुग्गियों में बड़े स्तर पर नशे की तस्करी और सप्लाई की जा रही थी जिसकी वजह से इस इलाके में अपराध काफी बढ़ गया था। पुलिस ने इन ठिकानों की पहचान करके पूरी योजना तैयार की थी जिसके बाद भारी पुलिस बल के साथ मिलकर यह कार्रवाई की गई।
कुख्यात आरोपी का था ठिकाना
आरोप यह भी कि इन झुग्गियों में तपस पुरूई उर्फ टुंडा नाम का एक कुख्यात आरोपी रहता था जिसने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था। आरोपी पर मारपीट, हत्या की धमकी देने, अवैध हथियार रखने और ड्रग्स बेचने जैसे गंभीर अपराधों के 13 मुकदमे दर्ज हैं।
जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। गुरुग्राम पुलिस ने सख्त चेतावनी देते हुए साफ कर दिया है कि अपराध से बनाई गई संपत्तियों और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि भू-माफियाओं और नशे की तस्करी में शामिल आरोपियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




साइन इन