दिल्ली में 40 की स्पीड से चलेंगी तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश येलो अलर्ट
Delhi Weather Warning: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिल्ली के साथ ही एनसीआर के मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। मौसम विभाग ने 21 जनवरी की रात से नया विक्षोभ एक्टिव होने से तेज हवाओं और गरज चमक के साथ बारिश की पीली चेतावनी दी है।

दिल्ली के साथ ही एनसीआर के मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 जनवरी की रात से नया विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा जिससे 23 जनवरी को 30 से 40 की स्पीड वाली तेज हवाओं और गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले 21 और 22 जनवरी को सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा और आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है।
कल कैसा रहेगा मौसम?
मौजूदा वक्त में दिल्ली के तापमान में इजाफा देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार रात को शहर में धुंध छाने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 जनवरी यानी बुधवार की सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल भी मौजूद रहेंगे। साथ ही दिल्ली में दोपहर के समय 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
सुबह देखा जाएगा हल्का से मध्यम कोहरा
मौसम विभाग ने 22 जनवरी को दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई है। दिन के समय दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। अनुमान है कि 21 और 22 जनवरी को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 22 जनवरी को दिल्ली में दोपहर के वक्त हवा की रफ्तार 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है।
23 को गरजेंगे, चमकेंगे और बरसेंगे मेघ; तेज हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार 21 जनवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 23 जनवरी को दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में घने बादल छाए रहेंगे। IMD ने इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही सुबह के समय दिल्ली-एनसीआर में हल्का से मध्यम कोहरा भी देखने को मिल सकता है।
बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग ने 23 जनवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 23 जनवरी को न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। बारिश के दूसरे दिन दिल्ली में 24 जनवरी को बादल छाए रहेंगे और दिन में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से सर्द हवाएं भी चल सकती हैं। सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा भी छाने की संभावना है।

25 और 26 जनवरी को कैसा मौसम?
मौसम विभाग ने 25 और 26 जनवरी को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल नजर आने और सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई है। 24 और 25 जनवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान के 6 से 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 26 जनवरी को दिल्ली में दोपहर के वक्त 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने की संभावना है। एनसीआर में भी दिल्ली जैसा ही मौसम रहने का अनुमान है।




साइन इन