लात घूंसे मारे, बड़े पत्थर से कुचला; गुरुग्राम में 70 साल के बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या
गुरुग्राम के दुंडाहेरा गांव में झगड़े के बाद एक 70 साल के बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जगदीश के तौर पर हुई है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गुरुग्राम के दुंडाहेरा गांव में झगड़े के बाद एक 70 साल के बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जगदीश के तौर पर हुई है। गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वह उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का रहने वाला है जिसकी पहचा 27 साल के मोनू के रूप में हुई है। गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने बताया, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पेंटर का काम करता है। सोमवार को जगदीश से किसी बात पर उसका झगड़ा हुआ, जिसके कारण उसकी हत्या कर दी गई।
शराब की दुकान के पास झगड़ा
पीड़ित के बेटे ने अपनी शिकायत में बताया कि उसे सुबह करीब 4 बजे एक ग्रामीण का फोन आया, जिसने उसे बताया कि उसके पिता का शराब की दुकान के पास मोनू नाम के एक शख्स से झगड़ा हुआ है। झगड़े के दौरान, मोनू ने कथित तौर पर उसके पिता जगदीश को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। शिकायत में कहा गया है कि उसने उन्हें लात-घूंसे भी मारे और एक बड़े पत्थर से उनकी छाती और चेहरे पर वार किया।
पुलिस के अनुसार, उन्हें दुंडाहेरा गांव में झगड़े की सूचना मिली। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची, जहां खून से सना एक पत्थर पड़ा मिला और घायल शख्स को पहले ही अस्पताल ले जाया जा चुका था। पुलिस टीम फिर अस्पताल पहुंची, जहां घायल के बेटे ने शिकायत दर्ज कराई।
बेटे की शिकायत के बाद, उद्योग विहार पुलिस स्टेशन में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। सोमवार रात को जगदीश ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद, पुलिस ने एफआईआर में हत्या की धारा जोड़कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।




साइन इन