गुरुग्राम में सोसाइटी का फरमान; मेंटेनेंस नहीं भरा तो जरूरी सेवाएं करेंगे बंद
गुरुग्राम की एक प्रीमियम रेजिडेंशियल सोसाइटी ने मेंटेनेंस शुल्क न भरने वाले निवासियों पर सख्ती दिखाई है। बकाया न चुकाने वालों के लिए जरूरी सेवाओं पर रोक लगा दी गई है ताकि समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सके।

गुरुग्राम की एक प्रीमियम रेजिडेंशियल सोसाइटी ने मेंटेनेंस शुल्क नहीं भरने वाले निवासियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। मैनेजमेंट ने बकाया राशि जमा न करने वालों के नाम मुख्य गेट पर एक नोटिस बोर्ड पर सार्वजनिक कर दिए हैं। चेतावनी दी गई है कि भुगतान नहीं होने तक इन घरों के लिए फूड डिलीवरी, कार धुलाई और घरेलू सहायकों के प्रवेश जैसी जरूरी सेवाओं पर रोक लगा दी जाएगी। सोसाइटी का कहना है कि बेहतर रखरखाव के लिए ऐसी सख्ती जरूरी थी।
शुल्क नहीं चुकाया तो सेवाओं से होना पड़ेगा वंचित
'एनडीटीवी इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, सोसाइटी ने उन निवासियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है, जिन्होंने अपने मेंटेनेंस का बकाया जमा नहीं किए हैं। सोसाइटी के मैनेजमेंट ने यह साफ कर दिया है कि जो लोग समय पर मेंटेनेंस फी का भुगतान नहीं करेंगे उन्हें जल्द कई रोजमर्रा सेवाओं से वंचित किया जा सकता है।
ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्मों की एंट्री पर लगा देंगे रोक
अधिकारियों के अनुसार, जिन निवासियों का भुगतान बकाया है, उन्हें गैर-जरूरी सेवाओं जैसे कि फूड डिलीवरी, कार धुलाई और घरेलू सहायकों के प्रवेश पर अस्थायी रोक का सामना करना पड़ सकता है। इतना ही नहीं ऐसे घरों के लिए ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्मों की एंट्री पर रोक लगाई जा सकती है।
एंट्री गेट पर लगाया नोटिस
गौर करने वाली बात यह कि इस फरमान को लागू करने के लिए टाउनशिप मैनेजमेंट ने मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर एक बड़ा नोटिस बोर्ड भी लगा दिया है। इस बोर्ड पर उन निवासियों के नाम लिखे हैं जिन्होंने अपने मेंटेनेंस शुल्क का भुगतान नहीं किया है। इसमें एक चेतावनी साफ लिखी हुई है। इसमें संबंधित निवासियों को जल्द से जल्द अपना बकाया चुकाने के लिए कहा गया है।
क्या बोला मैनेजमेंट?
जारी नोटिस में कहा गया है कि जब तक बकाये का भुगतान नहीं चुकाया जाता तब तक संबंधित निवासियों को उक्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जाएंगी। मैनेजमेंट का कहना है कि ऐसे आदेश का मकसद निवासियों के भीतर अनुशासन बनाए रखना और यह सुनिश्चित करना है कि सभी निवासी रखरखाव और सेवाओं के लिए समय पर भुगतान करें।
नोटिस की हो रही चर्चा
सोसाइटी के इस फरमान ने लोगों का ध्यान खींचा है। इस सोसाइटी को गुरुग्राम की प्रीमियम रेजिडेंशियल सोसाइटी और महंगे रेजिडेंशियल इलाकों में से एक माना जाता है। इस इलाके में प्रॉपर्टी की कीमतें करोड़ों में हैं। अब उक्त नोटिस वायरल हो गया है। इस पर लोग तरह तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। ऐसी घटनाएं सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए मेंटिनेंस शुल्क के बढ़ते दबाव को उजागर करते हैं।




साइन इन