गुरुग्राम: टोल प्लाजा पर फायरिंग के आरोपियों का एनकाउंटर, एक के पैर में लगी गोली; दूसरा भी चोटिल
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली आरोपी विनय के दाएं पैर में लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। आरोपी बॉबी ने भी भागने की कोशिश की तो वह गिर गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई।

गुरुग्राम-सोहना रोड स्थित घामड़ोज टोल प्लाजा पर फायरिंग करने के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों का पुलिस ने एनकाउंटर किया है। एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि भागते समय दूसरे का पैर टूट गया। तीनों आरोपियों विनय, बॉबी और पवन को टोल पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस टीम तीनों को हथियार बरामद करने के लिए गांव पुराना बहरामपुर के पहाड़ी क्षेत्र में लेकर गई थी।
जांच के दौरान आरोपी विनय ने बताया था कि उसने एक पिस्टल वहां छुपाया हुआ है। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, आरोपी विनय ने उसी हथियार से पुलिस पर फायर कर दिया। एक गोली पुलिस टीम में शामिल एएसआई मनमोहन की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली आरोपी विनय के दाएं पैर में लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। आरोपी बॉबी ने भी भागने की कोशिश की तो वह गिर गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। तीसरा आरोपी पवन हिरासत में है और उससे भी पूछताछ जारी है।
टोल पर किए थे दो फायर
घामडोज टोल प्लाजा पर गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे काले रंग की स्कॉर्पियो बैरियर के पास पहुंची। कार में 3 लोग सवार थे। ड्राइविंग सीट पर मौजूद युवक बूम बैरियर खोलने के लिए कहने लगा। टोलकर्मी ने कहा कि अगर आपकी गाड़ी पर फास्टैग लगा है तो अपने आप बैरियर खुल जाएगा। अगर फास्टैग नहीं है तो टोल के लिए फीस देनी पड़ेगी। इसके बाद ही बैरियर खुलेगा। इसके बाद युवक ने बहस शुरू कर दी। इसके बाद अचानक युवक ने गाड़ी से पिस्टल निकालकर टोल की ओर फायर कर दिया। युवक ने टोल के बूथ की ओर पिस्टल कर दूसरा फायर किया। घटना के समय वहां से कई गाड़ियां गुजर रही थी। बूथ पर भी टोल के कई लोग मौजूद थे। गोली किसी को भी लग सकती थी। फायरिंग के बाद टोल प्रबंधन ने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल करके घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों की स्कॉर्पियो का पीछा किया। पुलिस इनकी खोजबीन में लगी रही और विनय, बॉबी और पवन को गिरफ्तार कर लिया।
गांव कादरपुर में भी चलाई थी गोलियां
आरोपियों ने 28 जनवरी की रात गांव कादरपुर में रोहित नाम के व्यक्ति के घर भी फायरिंग की थी। रोहित ने पुलिस को बताया कि 28 जनवरी की देर शाम 8 बजे से रात एक बजे तक उसके गांव के ही रहने वाले युवकों बॉबी, विनय और पवन उसे और उसके भाई के मोबाइल पर कॉल कर उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे थे। जिसके चलते वह उन युवकों का फोन नहीं उठा रहे थे। 29 जनवरी की देर शाम काले रंग की गाड़ी में उन युवकों ने आकर उनके घर पर 8-10 राउंड हवा में फायर किए। इस मामले में सेक्टर-65 थाने में केस दर्ज हुआ था।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन