तेल के दाम में बढ़ोतरी से लोगों का बजट बिगड़ा
गुरुग्राम में डीजल-पेट्रोल और सीएनजी के दाम बढ़ने से आम आदमी की महंगाई बढ़ गई है। अब हर माह 15 प्रतिशत तक अतिरिक्त खर्च बढ़ने की संभावना है। इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में 15 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। ऑटो किराया और ट्रांसपोर्ट भाड़ा भी बढ़ने की तैयारी है। खाद्य पदार्थों और सब्जियों के दाम 20 प्रतिशत तक महंगे होने की संभावना है।

गुरुग्राम, अमर मौर्य। डीजल-पेट्रोल और सीएनजी महंगी होने से जिले में आमजन पर महंगाई की मार पड़ गई है। इससे आम आदमी पर अब 15 प्रतिशत तक हर माह अतिरिक्त खर्च बढ़ने के आसार है। लोगों का कहना है अब घर का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। महंगाई से जूझ रहे लोगों को पिछले 48 घंटे में एक के बाद एक तीन बड़े झटके लगे हैं। शुक्रवार से पेट्रोल-डीजल के दाम में करीब तीन रुपये और सीएनजी के दाम भी बढ़ गए। दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़े। लगातार बढ़ती कीमतों ने घर के बजट पर नया दबाव डाल दिया है। रसोई से लेकर सफर तक हर चीज महंगी होती नजर आ रही है। जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है.
इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग
प्रधानमंत्री के अपील के बाद मिलेनियम सिटी में इलेट्रिक्स बाइक-कार की मांग 15 प्रतिशत तक बढ़ गई है। शहर में कंपनियों के 350 बाइक एजेंसी और 250 कार एजेंसियां हैं। जहां पर लोगों की ओर से इलेट्रिक्स बाइक-कार की बुकिंग बढ़ गई है। पिछले दो महीने में ईवी वाहनों की मांग 15 प्रतिशत तक बढ़ गई है। एजेंसियों पर इलेक्ट्रिक कारों और दोपहिया वाहनों में छूट देकर लोगों को प्रोत्साहन किया जा रहा है। जिससे लोगों का ईवी खरीद के प्रति रुझान बढ़ रहा है। चौधरी मोटर्स एजेंसी संचालक सुमित कुमार ने कहा कि इलेट्रिक्स बाइक से लेकर कार भी मांग अब बढ़ने लगी है। इसकी बिक्री में 15 प्रतिशत से अधिक इजाफा हुआ है। मांग बढ़ने के बाद एजेंसियों पर ईवी वाहनों की 10 दिन की वेंटिंग चल रही है। कंपनियों से ईवी वाहनों की सप्लाई कम होने से वेंटिंग बढ़ी है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में हाइब्रिड कारों की मांग में 20 प्रतिशत इजाफा आया है.
पेट्रोल-डीजल महंगा होने से 500 रुपये का अतिरिक्त भार
अशोक विहार निवासी रविंद्र कुमार, राजेश कुमार, बीएन लाल, रणधीर सिंह ने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से 500 रुपये का अतिरिक्त भार बढ़ गया है। एक महीने में 25 लीटर पेट्रोल खर्च होने पर 50 से 80 रुपये बढ़ जाएगा। वहीं डीजल खर्च पर 150 रुपये का अतिरिक्त भार बढ़ जाएंगे। धर्मेंद्र मिश्रा ने कहा कि दूध और ईंधन आदि आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने महीने का बजट बिगाड़ दिया है। इस वृद्धि से आम परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह बिगड़ जाएगा। आमदनी नहीं बढ़ी और खर्च बढ़ गया है.
ऑटो किराया बढ़ने का फैसला होगा:
गुरुग्राम ऑटो एसोसिएशन की प्रदेश कमेटी की बैठक 23 मई को होगी। इस बैठक में पदाधिकारियों के विचार विमर्श के बाद ऑटो किराया बढ़ने का फैसला होगा। एसोसिएशन अध्यक्ष योगेश शर्मा ने कहा कि डीजल-पेट्रोल-सीएनजी महंगा होने से हर वस्तुएं महंगी होगी। जिससे ऑटो चालकों पर अतिरिक्त भार पड़ेगा। जिससे घर का खर्च चलाना मुश्किल हो जाएगा। इस महंगाई में ऑटो किराया बढ़ना मजबूरी हो गई है.
ट्रांसपोर्ट भाड़ा 10 प्रतिशत तक बढ़ेगा:
डीजल-सीएनजी दाम बढ़ने से ट्रांसपोर्टरों ने भी 10 प्रतिशत तक भाड़ा बढ़ाने की तैयारी की है। गुरुग्राम ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के हुकुम चंद शर्मा ने कहा कि माल ढूलाई का भाड़ा बढ़ाया जाएगा। छोटे माल वाहनों का पांच प्रतिशत और बड़े वाहन का आठ प्रतिशत और ट्रकों का दस प्रतिशत तक भाड़ा बढ़ेगा.
अब खाद्य पदार्थ से लेकर सब्जियां 20 प्रतिशत महंगी होगी:
डीजल-पेट्रोल-सीएनजी और दूध के दाम बढ़ने के बाद अब खाद्य पदार्थ से लेकर सब्जियां 20 प्रतिशत महंगी होने की संभावना बढ़ गई है। इसका सीधा असर आम आदमी के जेब से लेकर कीचन पर असर आएगा। अप्रैल महीने में सबसे ज्यादा महंगाई पर्सनल केयर और विविध वस्तुओं में देखी गई थी। क्योंकि व्यावसायिक सिलेंडर महंगाने होने से खाद्य पदार्थ के दाम बढ़े थे। अब माल ढुलाई की बढ़ोतरी का असर देखने को मिलेगा। धर्मेंद्र मिश्रा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा। परिवहन खर्च बढ़ने से सब्जियां, राशन, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान भी महंगे होंगे। कीमतों में वृद्धि से मध्यम वर्ग, नौकरीपेशा लोगों और गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा.
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन