दिल्ली के अलीपुर में ट्रक की टक्कर से ऑटो के परखच्चे उड़े, बच्ची समेत 3 की दर्दनाक मौत
दिल्ली में बुधवार को जीटी करनाल हाईवे पर ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। ऑटो वहीं पलट गया। हादसे में बच्ची, चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। चार घायल हुए हैं।

दिल्ली के अलीपुर इलाके में बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। जीटी करनाल हाईवे पर शनि मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में एक 10 साल की बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही अलीपुर थाना पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हादसे में घायल लोगों को पहले राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल चार लोगों को आगे इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एक ही परिवार के चार लोग थे ऑटो में सवार
पुलिस के अनुसार ऑटो में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल थे। परिवार दिल्ली में किसी काम से जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। दुर्घटना में परिवार की नाबालिग बेटी की मौत हो गई, जबकि पिता और उनका छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। परिवार की महिला सदस्य को मामूली चोटें आई हैं। घायलों की पहचान मुकेश, उनकी पत्नी पिंकी, छह वर्षीय बेटे और अन्य यात्रियों के रूप में हुई है। हादसे में ऑटो चालक 52 वर्षीय राजू शर्मा निवासी करावल नगर की भी मौत हो गई। वहीं एक अन्य मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
ऑटो में बुरी तरह फंस गया था यात्री
हादसा इतना भयावह था कि एक यात्री ऑटो के भीतर बुरी तरह फंस गया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम को उसे बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद घायल को बाहर निकाला जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। हादसे के चलते इलाके में कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बन गई।
डंपर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो को पीछे से टक्कर मारी थी। टक्कर के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार डंपर चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन