पेट्रोल-डीजल की बचत पर दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने कर दिया एक बड़ा ऐलान
प्रधानमंत्री की ओर से की गई 7 अपीलों के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कारों के कम इस्तेमाल और सार्वजनिक परिवहन में सफर की बात कही है। उनके मंत्री और विधायक भी ऐसा करेंगे।

पश्चिम एशिया में युद्ध की वजह से उपजे तेल संकट की वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल वाली गाड़ियों के कम इस्तेमाल की अपील की है। प्रधानमंत्री की ओर से की गई 7 अपीलों के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक बड़ा ऐलान किया है। सीएम ने कहा है कि वह, उनके कैबिनेट के मंत्री, सभी विधायक और अधिकारी कार से कम सफर करेंगे और सार्वजनिक वाहनों और कार पूल को प्राथमिकता देंगे।
रेखा गुप्ता ने कहा कि इसमें भाजपा के सभी विधायक और जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे और पेट्रोल-डीजल वाली कारों का कम से कम इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा, 'माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनज़र देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की बचत करने तथा ऊर्जा संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया है।'
मेट्रो में सफर कर रहे मंत्री
दिल्ली सरकार के मंत्रियों ने पीएम मोदी की अपील के बाद मेट्रो का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। मंगलवार को शिक्षा मंत्री आशीष सूद मेट्रो से सफर करते नजर आए तो बुधवार को कानून मंत्री कपिल मिश्रा भी मेट्रो में नजर आए।
कौन-कौन कम करेगा गाड़ियों का कम इस्तेमाल
रेखा गुप्ता ने इसके मद्देनजर लिए गए फैसले की जानकारी देते हुए कहा, 'माननीय प्रधानमंत्री जी की इस महत्वपूर्ण अपील को आत्मसात करते हुए विभागीय कामकाज हेतु वाहनों की संख्या सीमित करने का निर्णय लिया है। मैं और मेरे सभी कैबिनेट सहयोगी, भारतीय जनता पार्टी के सभी विधायक, जनप्रतिनिधि, दिल्ली सरकार के अधिकारी एवं सभी विभाग भी आवश्यकता के अनुरूप न्यूनतम वाहनों का उपयोग करेंगे तथा कारपूल और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देंगे।'
दिल्लीवालों से भी अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण राष्ट्रहित से जुड़ा दायित्व है। दिल्ली सरकार ईंधन संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सीएम ने दिल्लीवालों से भी तेल बचाने की अपील की और कहा, 'मैं सभी दिल्लीवासियों से आग्रह करती हूं कि वे भी माननीय प्रधानमंत्री जी की इस आह्वान का पालन करते हुए ऊर्जा संरक्षण के इस राष्ट्रीय प्रयास में सहभागी बनें।'
केजरीवाल ने पीएम मोदी से मांगे जवाब
दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर ईंधन, सोना, विदेश यात्राओं और अन्य मद में खर्चों में कटौती की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद सोमवार को केंद्र सरकार से देश के आर्थिक हालात पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। मंगलवार को केजरीवाल ने कहा कि पीएम मोदी को देश की अर्थव्यवस्था की स्थिति के बारे में जनता को बताना चाहिए। केजरीवाल ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश ने अतीत में युद्धों सहित कई संकटों का सामना किया है, लेकिन मोदी से पहले किसी भी प्रधानमंत्री ने सात सबसे कड़े कदमों की घोषणा नहीं की और जनता से उनका पालन करने का अनुरोध नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी द्वारा सुझाए गए उपायों के पीछे स्पष्ट कारण अमेरिका और ईरान के बीच का युद्ध है, लेकिन 'देश की गिरती अर्थव्यवस्था के पीछे कोई और कारण भी हो सकता है।'




साइन इन