Good News for Gurugram 50 bed hospital to be built in Wazirabad CM nayab saini announced गुरुग्राम के लिए गुड न्यूज, यहां बनेगा 50 बेड का नया अस्पताल; 30 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खुलेंगे, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गुरुग्राम के लिए गुड न्यूज, यहां बनेगा 50 बेड का नया अस्पताल; 30 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खुलेंगे

गुरुग्रामवासियों के लिए गुड न्यूज है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वजीराबाद में 50 बेड का नया अस्पताल बनाने का ऐलान किया। इसके साथ ही गुरुग्राम में 30 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जाएंगे।

Wed, 31 Dec 2025 04:27 PMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share
गुरुग्राम के लिए गुड न्यूज, यहां बनेगा 50 बेड का नया अस्पताल; 30 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खुलेंगे

गुरुग्रामवासियों के लिए गुड न्यूज है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वजीराबाद में 50 बेड का नया अस्पताल बनाने का ऐलान किया। सीएम सैनी ने मंगलवार को गुरुग्राम में आयोजित विकसित ‘गुरुग्राम महारैली’ को संबोधित करते हुए कहा कि गुरुग्राम केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक प्रगति का इंजन बन चुका है।

जिले में 30 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू होंगे

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधायक मुकेश शर्मा के विस्तृत मांग पत्र पर गुरुग्राम के समग्र विकास के लिए विभिन्न बड़ी घोषणाएं कीं। जिसमें गुरुग्राम पुलिस लाइन के निकट गौशाला मैदान में लगभग 4 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से नए विद्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। नेहरू स्टेडियम में पुराने खेल हॉस्टल के स्थान पर नया आधुनिक खेल हॉस्टल बनाया जाएगा। गुरुग्राम में 30 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जाएंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:द्वारका टू रेजांगला चौक तक मेट्रो की DPR दोबारा बनेगी, बोर्ड बैठक में मंजूरी

नागरिक अस्पताल का निर्माण शीघ्र होगा

नागरिक अस्पताल का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। वजीराबाद में पीएचसी का दर्जा बढ़ाकर 50 बेड का अस्पताल बनाने की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि भूमि उपलब्ध होते ही सरकार यह कार्य पूरा करेगी। वजीराबाद गांव में मैत्री वन को शीघ्र पूर्ण कराने, खाटू धाम के लिए धार्मिक संस्था द्वारा आवेदन किए जाने पर प्लॉट उपलब्ध कराने को कहा है।

संकल्प-पत्र के 217 वादों में से 54 वादे एक वर्ष में पूरे

सीएम ने कहा कि सरकार जो वायदे करती है, उन्हें धरातल पर उतारती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के संकल्प-पत्र में किए गए 217 वादों में से 54 वादे मात्र एक वर्ष में पूरे कर दिए गए हैं, जबकि 163 वादों पर कार्य प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पूरे हरियाणा का संतुलित और समावेशी विकास सुनिश्चित करना है। चाहे वह शहर हो या गांव और इसी संकल्प के साथ सरकार पूरी प्रतिबद्धता से आगे बढ़ रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुरुग्राम में DLF के 4500 से अधिक मकानों की जांच के लिए 5 टीमें गठित, क्या वजह

मुख्यमंत्री ने इस दौरान गुरुग्राम की 113 करोड़ 64 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। उद्घाटन के तहत सदर बाजार में मल्टी लेवल कार पार्किंग 55.20 करोड़, सेक्टर-14 में सामुदायिक केंद्र 17.76 करोड़ शामिल हैं। वहीं, शिलान्यास के अंतर्गत 8.32 करोड़ रुपये की लागत से सेक्टर-16 में आरएमसी मॉडल रोड व ड्रेन, 6.28 करोड़ रुपये की लागत से सेक्टर-17ए में सीवरेज व पेयजल पाइप लाइन, 6.67 करोड़ रुपये की लागत से सेक्टर-16 में हॉस्टल निर्माण कार्य और 19.41 करोड़ रुपये की लागत से नई सब्जी मंडी में विशेष मरम्मत कार्य शामिल हैं। ये परियोजनाएं गुरुग्राम के बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाकर नागरिक सुविधाओं को नई मजबूती प्रदान करेंगी।

11 वर्षों में 1909 करोड़ के विकास कार्य हो चुके

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल में गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र में 1909 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक विकास कार्य करवाए गए हैं तथा पिछले साढ़े 11 वर्षों में क्षेत्र के लिए की गई 67 घोषणाओं में से 39 पूरी हो चुकी हैं और 11 पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि विकास की इस दौड़ में प्रकृति संरक्षण को भी समान महत्व दिया जा रहा है, जिसके तहत शहर के बीचों-बीच छोटे-छोटे ऑक्सीजन पॉकेट्स और पार्कों का विस्तार किया जा रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुरुग्राम में एक ट्रैक पर दौड़ेंगी नमो भारत ट्रेन और मेट्रो? HMRTC ने की सिफारिश

सदर स्मार्ट बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा

इसके अलावा बायो डायवर्सिटी पार्क में लाइब्रेरी, गुरु द्रोणाचार्य और मां शीतला के नाम पर प्रवेश द्वार,राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में श्मशान घाट, कमला नेहरू पार्क में सामुदायिक केंद्र तथा सिलोखरा गांव में भूमि उपलब्धता पर सामुदायिक केंद्र के निर्माण की घोषणा की। सदर बाजार को सभी मूलभूत सुविधाओं सहित स्मार्ट बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा।

विकास कार्य और तेज होंगे

मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम, सोहना तथा पटौदी विधानसभा क्षेत्रों के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से प्रत्येक क्षेत्र के लिए अतिरिक्त 5-5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।