गुरुग्राम में भी एक ट्रैक पर दौड़ेंगी नमो भारत ट्रेन और मेट्रो? HMRTC ने NCRTC से की सिफारिश
मेरठ की तर्ज पर गुरुग्राम में भी नमो भारत ट्रेन के ट्रैक पर मेट्रो ट्रेन चलाई जा सकती है। एचएमआरटीसी ने एनसीआरटीसी से गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए ग्रेटर नोएडा रूट पर नमो भारत ट्रेन के ट्रैक पर मेट्रो चलाने की सिफारिश की है।

मेरठ की तर्ज पर गुरुग्राम में भी नमो भारत ट्रेन के ट्रैक पर मेट्रो ट्रेन चलाई जा सकती है। हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचएमआरटीसी) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) से गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए ग्रेटर नोएडा रूट पर नमो भारत ट्रेन के ट्रैक पर मेट्रो चलाने की सिफारिश की है। अधिकारियों का मानना है कि इससे कम दूरी के यात्रियों को लाभ मिलेगा।
एनसीआरटीसी ने गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए नोएडा व ग्रेटर नोएडा तक करीब 61 किलोमीटर लंबी नमो भारत ट्रेन के संचालन की योजना बनाई है। इस परियोजना के संचालन पर करीब 15745 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
एचएमआरटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्रशेखर खरे ने एनसीआरटीसी से आग्रह किया है कि मेरठ की तर्ज पर एक ही ट्रैक पर नमो भारत ट्रेन और मेट्रो की व्यवस्था की जाए। डॉ. खरे ने सिफारिश करते हुए कहा है कि ऐसा होने से इफ्को चौक से यदि किसी ने फरीदाबाद में जाना है तो वह मेट्रो में जा सकता है। हर डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी में मेट्रो का स्टेशन बनाकर एनसीआर को नमो भारत के साथ-साथ मेट्रो से जोड़ा जा सकता है।
एचएमआरटीसी के एक अधिकारी ने बताया कि एनसीआरटीसी ने मेरठ में नमो भारत ट्रेन को इस तर्ज पर तैयार किया है। लंबी दूरी पर जाने के लिए यात्री नमो भारत ट्रेन में सवार हो सकते हैं। यदि किसी ने छोटी दूरी तय करनी है तो वह मेट्रो में सवार हो सकता है। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम में इफ्को चौक से लेकर गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड तक मेट्रो का संचालन होगा, जोकि करीब 8 किलोमीटर का दायरा पड़ता है। यदि इस रूट पर मेट्रो का संचालन नमो भारत ट्रेन के साथ-साथ हो जाए तो यात्रियों को इसका अत्याधिक लाभ मिलेगा। इससे मेट्रो का नया रूट तैयार करने की लागत भी बचेगी।
बता दें कि गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए ग्रेनो तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन रूट में छह स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसमें गुरुग्राम में इफ्को चौक और सेक्टर-54 शामिल है।
फरीदाबाद में बाटा चौक और सेक्टर-85-86 चौक शामिल है। वहीं, गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा में सेक्टर-142-168 चौक और ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर शामिल है।
दो मेट्रो मार्ग से जुड़ेगी नमो भारत
एनसीआरटीसी की मौजूदा योजना के तहत इस रूट पर प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन गुरुग्राम में दो मेट्रो मार्ग से जुड़ेगी। इनमें गोल्फ कोर्स रोड स्थित रैपिड मेट्रो है तो दूसरा गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से लेकर सेक्टर-पांच तक प्रस्तावित मेट्रो है। नमो भारत ट्रेन ट्रैक पर मेट्रो संचालन से मिलेनियम सिटी के अंदर मेट्रो का एक जाल बिछ जाएगा।
मुख्यमंत्री पहले ही सिफारिश कर चुके
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गत पांच मई को एचएमआरटीसी और एनसीआरटीसी के साथ दिल्ली के सराय रोहिल्ला से गुरुग्राम होते हुए बावल तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन के सिलसिले में बैठक ली थी। इस बैठक में सैनी ने सिफारिश की थी कि मेरठ नमो भारत ट्रेन की तर्ज पर इस प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन ट्रैक पर मेट्रो का संचालन भी किया जाए। इससे लंबी और छोटी दूरी के यात्रियों को आवागमन में राहत मिलेगी।




साइन इन