गाजियाबाद: हिंडन एयरपोर्ट का विस्तार कार्य शुरू, यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
2019 में शुरू हुआ ये एयरपोर्ट अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश की नई लाइफलाइन बन चुका है। नवंबर 2024 में इस एयरपोर्ट की स्थिति काफी शांत थी मगर इसके बाद एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोत्तरी देखने को मिली है।

गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल के विस्तार का काम आखिरकार लंबे इंतजार के बाद धरातल पर शुरू कर दिया गया है। भारतीय विमानन प्राधिकरण (एएआई) के अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। विस्तार का काम अगले 6 महीने में पूरा कर लिया जाएगा जिससे यात्रियों को आने वाले समय में अतिरिक्त सुविधाएं मिलेंगी।
हिंदुस्तान टाइम्स में छपी खबर के मुताबिक, वर्तमान में हिंडन एयरपोर्ट लगभग 22,050 वर्ग मीटर में फैला हुआ है। विस्तार के बाद 770 वर्ग मीटर एरिया और जुड़ा जाएगा। एयरपोर्ट की मुख्य सड़क 120 मीटर लंबी होगी। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रोजेक्ट की लागत करीब 8.5 करोड़ रुपये है। हिंडन एयरपोर्ट के निदेशक चिल्का महेश ने कहा, 'मौजूदा बिल्डिंग का लगभग 9 मीटर विस्तार (मुख्य प्रवेश द्वार की ओर से एयरपोर्ट परिसर) किया जाएगा, जिससे मौजूदा 9 चेक-इन काउंटरों में तीन और अतिरिक्त काउंटर जोड़ जाएंगे। यात्रियों के प्रस्थान स्थल और वाहन पिकअप पॉइंट में भी बढ़ोत्तरी होगी।'
पैसेंजर व्हीकल पिकअप एरिया का भविस्तार
अधिकारियों ने बताया कि पैसेंजर व्हीकल पिकअप एरिया मौजूदा समय में लगभग 3.5 मीटर है जिसे बढ़ाकर करीब 8.5 मीटर कर दिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट को पीक आवर्स में एकबार में 300 यात्रियों के आवागमन के लिए डिजाइन किया गया है, लेकिन वर्तमान में लगभग 540 यात्रियों का आवागमन है।
असुविधा में कमी आएगी
महेश ने आगे कहा, विस्तार के बाद यात्रियों को होने वाली असुविधा में कमी आएगी। इस प्रोजेक्ट के बाद दूसरे चरण का काम शुरू होगा जिसके लिए गाजियाबाद जिला प्रशासन द्वारा भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। दूसरे चरण में 6.8 एकड़ से ज्यादा जमीन का अधिग्रहण कर एयरपोर्ट का विस्तार किया जाएगा।'
2019 में शुरू हुआ था परिचालन
आपको बता दें कि गाजियाबाद जिला प्रशासन ने दिसंबर 2025 में बताया था कि जमीन की अनुमानित लागत लगभग 65 करोड़ रुपये है। जमीन के मुआवजे के रेट क्या होंगे इसपर बातचीत जारी है। आपको बता दें कि 2019 में शुरू हुआ ये एयरपोर्ट अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश की नई लाइफलाइन बन चुका है। नवंबर 2024 में इस एयरपोर्ट की स्थिति काफी शांत थी मगर इसके बाद एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोत्तरी देखने को मिली है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन