गाजियाबाद के खोड़ा में ढाबे पर डबल मर्डर, खाने के विवाद में 3 युवकों को चाकू गोद डाला
गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक ढाबे पर खाना खाने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद के बाद दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक ढाबे पर खाना खाने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद के बाद दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
खोड़ा में अंबेडकर गेट के पास स्थित कागज मार्केट में वैष्णो ढाबे पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे दो पक्ष खाना खा रहे थे। इस दौरान दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस बीच, एक पक्ष के युवकों ने दूसरे पक्ष के तीन युवकों पर चाकू और पत्थरों से हमला बोल दिया। इसमें तीनों युवक सत्यम, श्रीपाल और अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट और हमले के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां सत्यम और श्रीपाल की मौत हो गई। वहीं घायल अनुराग का इलाज चल रहा है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील ने बताया कि मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली गई है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डीसीपी निमिष पाटिल ने बताया, "30 जनवरी को रात करीब 10:00 बजे 112 इमरजेंसी नंबर पर कुछ युवकों के बीच लड़ाई की सूचना मिली। स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पाया कि तीन लोग घायल थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। घायलों में से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई और तीसरा घायल व्यक्ति खतरे से बाहर है। मृतकों के परिवारों को सूचना दे दी गई है और उनसे शिकायत मिली है, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इन तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।"




साइन इन