गाजियाबाद में सड़कों के अवैध कटों पर ट्रैफिक पुलिस का एक्शन, यहां 15 ‘रास्ते’ बंद; हादसों पर लगेगी लगाम
गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस की यह कार्रवाई उन लोगों के लिए एक कड़ा संदेश है, जो अपनी सुविधा के लिए डिवाइडर तोड़कर जान जोखिम में डालते हैं। पुलिस ने राजनगर एक्सटेंशन में रोटरी गोलचक्कर से सिटी फॉरेस्ट तक के रोड पर 15 ऐसे अवैध कट पाए थे जो लोगों ने डिवाइडर तोड़कर बना लिए थे।
गाजियाबाद में सड़क हादसों में कमी लाने और ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को राजनगर एक्सटेंशन में रोटरी गोलचक्कर से सिटी फॉरेस्ट तक मेन रोड पर ऐसे 15 स्थानों को चिन्हित किया, जहां लोगों द्वारा डिवाइडर तोड़कर अवैध एवं अस्थायी कट बना लिए गए थे। ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इन सभी कटों को आरसीसी जर्सी बैरियर लगाकर बंद करा दिया।
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि अवैध कटों के कारण लगातार सड़क हादसों का खतरा बना हुआ था। वाहन चालक अचानक गलत दिशा में मुड़ जाते थे या रॉन्ग साइड से सड़क पार करने लगते थे, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के बीच टक्कर की आशंका बढ़ रही थी। कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बन रही थी।
लोगों ने छोटे-छाटे रास्ते बना लिए थे
राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आबादी और वाहनों के दबाव के बीच लोगों ने अपनी सुविधा के लिए डिवाइडर तोड़कर छोटे-छोटे रास्ते बना लिए थे, जो धीरे-धीरे दुर्घटना का बड़ा कारण बनते जा रहे थे। रविवार को पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर अभियान चलाकर ट्रैफिक पुलिस उन स्थानों का चिन्हीकरण किया, जहां से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक अवैध रूप से डिवाइडर पार कर रहे थे। इसके बाद जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से कटों को बंद कराया गया तथा मजबूत आरसीसी बैरियर लगाए गए ताकि उन्हें दोबारा खोला न जा सके।
यू-टर्न से बचने को बनाते हैं अवैध कट
डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि कई बार वाहन चालक कुछ सेकेंड बचाने या लंबा यू-टर्न लेने से बचने के लिए ऐसे अवैध कटों का उपयोग करते हैं, लेकिन यही जल्दबाजी बड़े हादसों का कारण बनती है। पिछले दिनों भी शहर के विभिन्न हिस्सों में गलत दिशा में वाहन चलाने और अवैध कटों के कारण कई हादसे सामने आए थे। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे स्थानों को चिन्हित करने की कार्रवाई तेज की है।
डीसीपी ट्रैफिक के मुताबिक अभियान के दौरान स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अपील की कि वह निर्धारित यू-टर्न और अधिकृत मार्गों का ही प्रयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी ने दोबारा डिवाइडर तोड़ने या अवैध कट बनाने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की जा सकती है। उनका कहना था कि अवैध कट से हादसे का खतरा बना रहता है।
ट्रैफिक पुलिस को अवैध कटों की जानकारी दें
डीसीपी ट्रैफिक ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके संज्ञान में किसी सड़क पर इस प्रकार का अवैध कट हो, जहां से वाहन चालक डिवाइडर पार करते हों या ट्रैफिक बाधित होता हो, तो उसकी सूचना तुरंत ट्रैफिक पुलिस को दें। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस के एक्स हैंडल तथा हेल्पलाइन नंबर 9643322904 जारी किए गए हैं। आमजन अपने सुझाव भी इन माध्यमों से साझा कर सकते हैं। डीसीपी ट्रैफिक ने कहा कि यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।




साइन इन