gurugram crime manager committed suicide by jumping from 9th floor in it park गुरुग्राम के IT पार्क की 9वीं मंजिल से कूदकर मैनेजर ने दी जान, परिजनों को किस बात का शक?, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गुरुग्राम के IT पार्क की 9वीं मंजिल से कूदकर मैनेजर ने दी जान, परिजनों को किस बात का शक?

गुरुग्राम के सेक्टर-49 स्थित स्पेज आईटी पार्क में एक आईटी मैनेजर ने नौवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। मंगलवार तड़के हुई यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। डेढ़ साल पहले विवाहित मैनेजर के सुसाइड का कारण स्पष्ट नहीं है।

Tue, 10 Feb 2026 09:02 PMKrishna Bihari Singh हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share
गुरुग्राम के IT पार्क की 9वीं मंजिल से कूदकर मैनेजर ने दी जान, परिजनों को किस बात का शक?

गुरुग्राम के सेक्टर-49 स्थित स्पेज आईटी पार्क में एक आईटी मैनेजर ने नौवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। यह घटना मंगलवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुई और पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मैनेजर से झारखंड के धनबाद के रहने वाले थे। वह पत्नी के साथ गुरुग्राम में रहते थे। उनकी शादी को केवल डेढ़ साल हुआ था। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

धनबाद के निवासी थे वरुण शेखर

मृतक की पहचान मूल रूप से झारखंड के धनबाद निवासी 33 वर्षीय वरुण शेखर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार यह घटना मंगलवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे की है। एक निजी कंपनी की आईटी टीम में मैनेजर वरुण शेखर शिफ्ट खत्म होने के बाद आईटी पार्क की नौवीं मंजिल के कॉमन एरिया में पहुंचे और वहां से अचानक नीचे छलांग लगा दी।

सुसाइड की वजह पता नहीं

तेज आवाज सुनने के बाद जब सुरक्षा कर्मचारी पहुंचे तो उन्होंने देखा कि चारों तरफ खून फैला हुआ था और वरुण शेखर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच में पता चला कि वरुण शेखर अपनी पत्नी के साथ सोहना-गुरुग्राम में रहते थे। फिलहाल आत्महत्या के पीछे का स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है।

घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड

पुलिस ने कंपनी के कर्मचारियों से बात की है। मृतक के भाई और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की गई लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। आत्महत्या की घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में वरुण को नौवीं मंजिल से कूदते हुए साफ देखा जा सकता है। मंगलवार शाम को पुलिस ने परिजनों को यह फुटेज दिखाई।

परिजनों को इस बात का शक

परिजनों ने बताया कि वरुण शेखर ने कभी किसी परेशानी के बारे में बात नहीं की थी। लगभग डेढ़ साल पहले उनकी शादी हुई थी और वह अपनी पत्नी के साथ खुशी से रह रहे थे। घटना के बाद से परिजनों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों को शक है मैनेजर को कोई परेशान कर रहा था इसलिए उन्होंने पुलिस से मामले की जांच करने की गुहार लगाई है।

वजह का नहीं चला पता

गुरुग्राम के सेक्टर-50 के थाना प्रभारी सुखबीर जाखड़ ने बताया कि मैनेजर की खुदकुशी का असली कारण अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। उनके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल निकाली जा रही है। जांच में मिलने वाले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:रांची में स्कॉर्पियो का आतंक; लोगों को कुचला, पुलिस वालों को भी रौंदने की कोशिश
ये भी पढ़ें:दिल्ली एम्स में अब सर्जरी के लिए नहीं करना होगा लंबा इंतजार, 4 गुना बढ़ी रफ्तार
ये भी पढ़ें:दिल्ली में T-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप मैच के कारण इन डेट पर रहेंगी ट्रैफिक पाबंदियां
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।