घुड़चढ़ी से पार्किंग तक, गाजियाबाद पुलिस ने जाम से निपटने को लगाईं कई सख्त पाबंदी
गाजियाबाद में अब सार्वजनिक मार्गों पर घुड़चड़ी पर सख्त पाबंदी लगाई गई है। पुलिस अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए शुक्रवार को बैंक्वेट हॉल और होटल प्रबंधकों के साथ बैठक कर स्पष्ट किया कि पार्किंग क्षमता के हिसाब ही आयोजन कराए जाएं।

गाजियाबाद में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बैंक्वेट हॉल और होटल प्रबंधकों के साथ बैठक की। इस दौरान स्पष्ट किया गया कि पार्किंग क्षमता के अनुरूप ही आयोजन कराया जाए। इसके अलावा सार्वजनिक मार्गों पर घुड़चड़ी पर सख्त पाबंदी लगाई गई है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था व यातायात) राजकरन नैय्यर ने पुलिस लाइन स्थित परमजीत हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बड़े आयोजनों के चलते अक्सर सड़कों पर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए सभी संचालकों से जिम्मेदारीपूर्वक सहयोग करने की अपील है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन आयोजनों से यातायात प्रभावित होने की संभावना हो, उनकी सूचना कम से कम दो दिन पहले निर्धारित प्रारूप में देनी होगी। यह सूचना एडीसीपी ट्रैफिक की ईमेल आईडी और ट्रैफिक कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर पर भेजना अनिवार्य होगा।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त स्पष्ट किया कि किसी भी सूरत में सार्वजनिक मार्गों पर घुड़चढ़ी या अन्य ऐसे आयोजन नहीं किए जाएंगे, जिनसे यातायात प्रभावित हो। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग क्षमता के अनुसार ही आयोजन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले आयोजनों में किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निजी मार्शल की तैनाती जरूरी
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि आयोजनों के दौरान पार्किंग और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए बैंक्वेट हॉल प्रबंधन अपने स्तर पर प्रशिक्षित निजी मार्शल तैनात करेंगे, जो ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करेंगे। उन्होंने सभी बैंक्वेट हॉल और होटलों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं।
रोटरी गोल चक्कर के पास वाहनों के रास्ते बदलेंगे
गाजियाबाद में रोटरी गोल चक्कर के पास चल रहे निर्माण कार्य को देखते हुए 1 से 4 मई तक वाहनों का मार्ग परिवर्तित रहेगा। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को मार्ग परिवर्तन योजना जारी की है। इन चार दिनों में रात 8 बजे से सुबह 6 तक मार्ग परिवर्तन रहेगा। डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान रोटरी गोल चक्कर के आसपास का यातायात बाधित रहेगा। 1 मई से 4 मई के बीच रोटरी गोलचक्कर के पास से गुजरने वाले वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वह निर्धारित मार्ग परिवर्तन योजना का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि विशेष रूप से भारी वाहनों और लंबी दूरी के यातायात को पहले से ही अन्य मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा, ताकि शहर के भीतर यातायात का दबाव कम किया जा सके। उन्होंने आमजन से कहा है कि निर्माण कार्य को समय पर पूरा कराने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निर्देशों का पालन करना जरूरी है। वाहन चालकों से अनुरोध है कि वह यात्रा से पहले अपने रूट की जानकारी लेकर ही घर से निकलें।




साइन इन