hindon river new 4 lane bridge construction approved upavp ghaziabad siddharth vihar vasundhara connectivity हिंडन पर बनेगा 4 लेन का नया पुल, गाजियाबाद में सिद्धार्थ विहार-वसुंधरा तक होगी कनेक्टिविटी, Ncr Hindi News - Hindustan
More

हिंडन पर बनेगा 4 लेन का नया पुल, गाजियाबाद में सिद्धार्थ विहार-वसुंधरा तक होगी कनेक्टिविटी

गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार को वसुंधरा और इंदिरापुरम से जोड़ने के लिए हिंडन नदी पर एक नए और 4 लेन पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। बुधवार को लखनऊ में हुई उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की बोर्ड बैठक में ₹51 करोड़ की लागत वाले इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी गई है।

Thu, 30 April 2026 08:34 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share
हिंडन पर बनेगा 4 लेन का नया पुल, गाजियाबाद में सिद्धार्थ विहार-वसुंधरा तक होगी कनेक्टिविटी

गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार को वसुंधरा और इंदिरापुरम से जोड़ने के लिए हिंडन नदी पर पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। आवास एवं विकास परिषद की लखनऊ मुख्यालय में बुधवार को हुई बोर्ड बैठक में 51 करोड़ की लागत वाले इस पुल के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है।

प्राइम लोकेशन पर बसी सिद्धार्थ विहार योजना से एनएच-9 के जरिये दिल्ली, मेरठ, हापुड़ और नोएडा की सीधी कनेक्टिविटी है। हालांकि, वसुंधरा, इंदिरापुरम, राजनगर एक्सटेंशन की ओर आने के लिए वाहन चालकों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। हिंडन बैराज पर अभी सिर्फ एक लेन का पुल है, जिससे गुजरने में रोजाना जाम से जूझना पड़ता है। इसीलिए परिषद ने यहां दूसरा पुल बनाने का प्रस्ताव बनाया था। अब हिंडन बैराज पर 4 लेन का नया पुल बनाने का रास्ता साफ हो गया है, जो इस इलाके को वसुंधरा और इंदिरापुरम से जोड़ेगा। आवास आयुक्त की मंजूरी मिलने के बाद बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखा गया। बुधवार को हुई बोर्ड बैठक में पुल बनाने का प्रस्ताव पास हो गया है। अब परिषद सेतु निगम को भुगतान करेगी और निगम यहां पुल बनाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिंडन नदी पर यहां बनेंगे 3 नए पुल, लोनी समेत कई इलाकों में सुधरेगी कनेक्टिविटी

दो से तीन माह में निर्माण शुरू होगा

यह पुल लगभग 210 मीटर लंबा और चार लेन चौड़ा होगा। यह हिंडन बैराज से 75 मीटर वसुंधरा की ओर बनाया जाएगा। इसके लिए सेतु निगम सर्वे कर चुका है। बजट मिलते ही इसकी डीपीआर बनाने का काम शुरू हो जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक आने वाले दो से तीन माह में निर्माण शुरू होगा। इसी बीच पुल के लिए जरूरी सिंचाई विभाग की जमीन को हस्तातंरित करने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी।

जाम से मिलेगी निजात

सिद्धार्थ विहार और वसुंधरा के बीच आवाजाही के लिए अभी लोग एनएच 9 और हिंडन बैराज के संकरे पुल का इस्तेमाल करते हैं। दोनों ही मार्गों से गुजरने में हर बार जाम का सामना करना पड़ता है। पीक आवर्स में लोगों को खासी परेशानी होती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:NCR में मेट्रो के 3 नए रूट की DPR पर काम शुरू, इन शहरों का सफर होगा आसान

एलिवेटेड रोड से कनेक्टिविटी बढ़ेगी

एलिवेटेड रोड पर भी इंदिरापुरम से प्रवेश और वसुंधरा में निकास मार्ग करीब 92 करोड़ रुपये से बनाया जाना है। यह कार्य जीडीए द्वारा किया जा रहा है। हिंडन पर बनने वाले पुल से सिद्धार्थ विहार के लोग इंदिरापुरम और वसुंधरा आ सकेंगे। एलिवेटेड रोड पर प्रवेश व निकास बनने से एलिवेटेड रोड की कनेक्टिविटी भी मिल जाएगी। इसके बाद सिद्धार्थ विहार वालों के लिए दिल्ली और राजनगर एक्सटेंशन व हिंडन एयरपोर्ट जाने के लिए एलिवेटेड रोड का विकल्प भी खुल जाएगा। परिषद के अधीक्षण अभियंता अजय कुमार मित्तल ने बताया कि पुल का प्रस्ताव पास हो गया है।

लाखों लोगों को लाभ होगा

फिलहाल सिद्धार्थ विहार में 50 हजार के करीब लोग रहते हैं। सिद्धार्थ विहार से ही विजय नगर का प्रताप विहार इलाका भी जुड़ा है। वसुंधरा से कनेक्टिविटी मजबूत करने वाला पुल तैयार होने के बाद लाखों लोगों को फायदा होगा। प्रताप विहार के लोग भी सिद्धार्थ विहार होकर वसुंधरा व इंदिरापुरम जा सकेंगे। वहीं इंदिरापुरम और वसुंधरा के लोग भी बिना एनएच 9 पर जाए सिद्धार्थ विहार जा सकेंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:चिल्ला एलिवेटेड रोड की डेडलाइन तय, नोएडा-दिल्ली के बीच खत्म होगा जाम
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।