ghaziabad news stone pelting during protest demanding removal of garbage dump in loni गाजियाबाद के लोनी में पथराव के बाद लाठीचार्ज का आरोप; कई जख्मी, बवाल की क्या वजह?, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गाजियाबाद के लोनी में पथराव के बाद लाठीचार्ज का आरोप; कई जख्मी, बवाल की क्या वजह?

गाजियाबाद के लोनी में रविवार को स्थानीय लोगों और किसानों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प के बाद हुए पथराव और कथित लाठीचार्ज में कई लोग घायल हुए हैं। इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात है।

Mon, 16 Feb 2026 12:01 AMKrishna Bihari Singh भाषा, गाजियाबाद
share
गाजियाबाद के लोनी में पथराव के बाद लाठीचार्ज का आरोप; कई जख्मी, बवाल की क्या वजह?

गाजियाबाद के लोनी में कूड़ाघर हटाने की मांग को लेकर हुआ प्रदर्शन रविवार को हिंसक हो गया। पुलिस और किसानों के बीच तीखी बहस के बाद पथराव शुरू हो गया। इसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कथित तौर पर लाठीचार्ज किया। बवाल में कुछ लोग घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने लाठीचार्ज से इनकार करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों के पथराव में उनके दो अधिकारी घायल हुए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

कूड़ाघर हटाने को लेकर बवाल

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लोनी थाना क्षेत्र के मीरपुर हिंदू गांव में रविवार को दोपहर के वक्त एक कूड़ाघर को हटाने की मांग कर रहे स्थानीय लोगों और किसानों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस हो गई। इसके बाद देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया।

हिंसा में कई घायल

बताया जाता है कि पुलिस ने पथराव रोकने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह हंगामा तब शुरू हुआ जब लोगों ने धरना देने के लिए कूड़ा घर के मुख्य द्वार तोड़ दिए। इससे स्थिति बिगड़ गई और हिंसा में कई प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मी घायल हो गए।

भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। एक किसान मनोज कुमार ने दावा किया कि लगभग 60 लोगों के हाथों और सिर पर चोटें आई हैं। पूरी घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें प्रदर्शनकारी पुलिस कार्रवाई के कारण लगी चोटों को दिखाते नजर आ रहे हैं।

पथराव में 2 पुलिस अधिकारी घायल

लोनी के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सिद्धार्थ गौतम ने लाठीचार्ज के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों के पथराव में 2 पुलिस अधिकारी घायल हो गए। घायल अधिकारियों को इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, पुलिस ने घायल पुलिसवालों की तस्वीरें नहीं दिखाईं और न ही उनके नाम बताए। लोनी के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि मौके पर स्थिति नियंत्रण में है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में खौफनाक वारदात; घर में घुसकर महिला की हत्या, धारदार हथियार से कई वार
ये भी पढ़ें:दोस्ती, पैसा और फिर कत्ल; दिल्ली में NGO डायरेक्टर ने साथी को उतारा मौत के घाट
ये भी पढ़ें:दिल्ली में बारिश की चेतावनी, पश्चिमी विक्षोभ से करवट लेगा मौसम; तापमान पर अपडेट
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।