Ghaziabad news lease deed was executed by showing the land of a fully populated society as an empty plot पूरी तरह आबाद सोसाइटी की जमीन को खाली भूखंड दिखाकर लीज डीड कर दी, गाजियाबाद में गजब खेल, Ncr Hindi News - Hindustan
More

पूरी तरह आबाद सोसाइटी की जमीन को खाली भूखंड दिखाकर लीज डीड कर दी, गाजियाबाद में गजब खेल

गाजियाबाद में जमीन के फर्जीवाड़ा का गजब खेल सामने आया है। वसुंधरा स्थित शिक्षा एन्कलेव कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में दस्तावेजी खेल सामने आया है। 25 साल पुरानी और पूरी तरह आबाद सोसाइटी की जमीन को खाली प्लॉट दर्शाते हुए आवास एवं विकास परिषद द्वारा लीज डीड जारी कर दी गई।

Wed, 18 March 2026 07:16 AMSubodh Kumar Mishra हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share
पूरी तरह आबाद सोसाइटी की जमीन को खाली भूखंड दिखाकर लीज डीड कर दी, गाजियाबाद में गजब खेल

गाजियाबाद में जमीन के फर्जीवाड़ा का गजब खेल सामने आया है। वसुंधरा स्थित शिक्षा एन्कलेव कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में दस्तावेजी खेल सामने आया है। 25 साल पुरानी और पूरी तरह आबाद सोसाइटी की जमीन को खाली प्लॉट दर्शाते हुए आवास एवं विकास परिषद द्वारा लीज डीड जारी कर दी गई। हैरानी की बात यह है कि जिस भूमि को खाली दिखाया गया, वहां पहले से ही 120 फ्लैट बने हुए हैं और आवंटी वर्ष 2003 से कब्जा लेकर रह रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, आवास एवं विकास परिषद ने वर्ष 1999 में समिति को करीब दो एकड़ भूमि आवंटित की थी। इसके बाद वर्ष 2003 में निर्माण पूरा होने पर आवंटियों ने फ्लैट पर कब्जा लेकर रहना शुरू कर दिया, लेकिन रजिस्ट्री न होने के कारण यह मामला विवादों में फंसा रहा। इसी का फायदा उठाते हुए कथित तौर पर समिति के सचिव ने आवास विकास के अधिकारियों से मिलीभगत कर अक्तूबर 2025 में भूमि को खाली दर्शाते हुए पट्टा विलेख (लीज डीड) करवा लिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पाकिस्तान से लगातार फंडिंग, हिंडन एयरबेस समेत संवेदनशील ठिकानों की जानकारी भेजी

सैकड़ों लोग वहां रह रहे हैं

लीज डीड में शर्त रखी गई है कि अगले पांच वर्षों में इस भूमि पर फ्लैट निर्माण कर प्रोजेक्ट तैयार किया जाए, जबकि वास्तविकता यह है कि जमीन पर पहले से बहुमंजिला इमारतें खड़ी हैं और सैकड़ों लोग वहां रह रहे हैं। इस विरोधाभास ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया है।

जिलाधिकारी ने बैठाई जांच

जिलाधिकारी ने पूरे प्रकरण में जांच बैठा दी है। एडीएम सिटी को जांच सौंपी गई है। साथ ही संबंधित विभागों से रिपोर्ट तलब कर यह देखा जा रहा है कि यह लीज डीड वास्तव में हुई है या फिर कोई फर्जी दस्तावेज तैयार किया गया है। आवास विकास परिषद की कार्यप्रणाली को लेकर सोसाइटी के लोगों की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गौशाला फाटक से एनएच-9 तक नए सिरे से बनेगी सड़क, फुटपाथ भी बनेगा

मुझे मामले की जानकारी नहीं

आवास एंव विकास परिषद के उपायुक्त अनिल कुमार सिंह ने कहा कि मुझे मामले की जानकारी नहीं है। यदि इस प्रकार का कोई प्रकरण हुआ है तो जांच कराई जाएगी। इस प्रकरण में यदि कोई गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए शासन को लिखा जाएगा।

जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि सोसाइटी के लोगों ने शिकायत दी है। मामले की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में गड़बड़ी या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:‘विकसित भारत पार्क’ 5 जोन में बांटकर बनेगा, मधुबन बापूधाम में होगा निर्माण
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।