विकसित भारत पार्क 5 जोन में बांटकर स्पेशल थीम पर बनेगा, गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम में होगा निर्माण
गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम में विकसित भारत पार्क को पांच जोन में बांटकर विशेष थीम पर बनाया जाएगा

गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम में 'विकसित भारत पार्क' को पांच जोन में बांटकर विशेष थीम पर बनाया जाएगा। यहां सभी उम्र के लोगों के लिए कुछ खास होगा। पार्क का लेआउट और डिजाइन बनाने के लिए इस महीने एजेंसी तय होगी।
गाजियाबाद में विकसित भारत की परिकल्पना को धरातल पर लाने के लिए मधुबन बापूधाम में एक पार्क विकसित होगा। इसके माध्यम से प्रदेश समेत देश के भविष्य को दर्शाया जा सकेगा। यह पार्क पांच जोन में विकसित होगा, जिसमें सभी जोन को अलग-अलग थीम दिया जाएगा। अधिकारी बताते हैं कि पार्क में विकसित भारत 2047 का समावेस नजर आएगा। पार्क का एक जोन एडवेंचर (रोमांच) के लिए तैयार होगा। यहां मुख्य रूप से कमांडो नेट, बरमा ब्रिज, रैंप जंप, हैंड वॉक, क्लाइमिंग वॉल, बैलेंसिंग बीम, टनल, टायर जंप, मंकी क्रोलिंग आदि की सुविधा होगी।
इसके अलावा एक जोन का थीम बटरफ्लाई हो सकता है। अधिकारी बताते हैं कि पार्क विकसित करने के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) जारी किया है, ताकि आगे की प्रक्रिया को जल्द पूरा कर निर्माण हो सके। माना जा रहा है कि इस महीने एजेंसी तय हो जाएगी और वह डिजाइन व लेआउट तैयार करने का काम शुरू कर देगी। इसके बाद जीडीए अधिकारी इसका अध्ययन करेंगे। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की अनुमति के बाद पार्क तैयार किया जाएगा।
साढ़े छह एकड़ में बनेगा
जीडीए विकसित भारत 2047 पार्क को करीब 6.5 एकड़ जमीन में विकसित करेगा। इसके लिए जमीन का चयन कर लिया है। अब एजेंसी तय होने के बाद यह एजेंसी क्षेत्र के हिसाब से पार्क का लेआउट और डिजाइन तैयार करेगी, जिसे प्राधिकरण फाइनल करेगा। डिजाइन और लेआउट फाइनल होने के बाद इस पार्क को तैयार किया जाएगा। माना जा रहा है कि यह पार्क इस साल तैयार हो जाएगा।
स्वर्ण जयंती पार्क में प्रकाश व्यवस्था सुधरेगी
इंदिरापुरम स्थित स्वर्ण जयंती पार्क में प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस योजना के तहत पार्क में नए बिजली के पोल लगाए जाएंगे और आधुनिक एलईडी लाइट लगाकर पार्क को रोशन किया जाएगा। जिससे पार्क में आने वाले लोगों को शाम और रात के समय भी सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिलेगा। उद्यान विभाग अधिकारियों ने बताया पार्क की पूरी बिजली व्यवस्था को सुधारने की योजना तैयार है। इसके तहत नए बिजली के पोल लगाए जाएंगे और पुरानी लाइटों को हटाकर नई एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी।
नंद किशोर कलाल, उपाध्यक्ष, जीडीए, ''मधुबन बापूधाम को तेजी से विकसित किया जा रहा है। वहां विकसित भारत पार्क तैयार होगा, जहां भारत की परिकल्पना को धरातल पर साकार किया जाएगा। इसके लिए इस माह एजेंसी तय होगी, जो लेआउट और डिजाइन तैयार करेगी।''




साइन इन