चमकेंगे गाजियाबाद के इंडस्ट्रियल इलाके, ऐप पर एक फोटो से दूर होगी गंदगी
गाजियाबाद के इंडस्ट्रियल इलाकों में साफ-सफाई सुधारने के लिए यूपीसीडा एक नया ऐप लॉन्च कर रहा है। इसके जरिए उद्यमी गंदगी की फोटो और शिकायतें सीधे अपलोड कर सकेंगे जिनका तुरंत निस्तारण किया जाएगा।

गाजियाबाद के इंडस्ट्रियल इलाकों में सफाई व्यवस्था पर ऐप के जरिये नजर रखने की तैयारी की जा रही है। यूपीसीडा अपने सभी औद्योगिक क्षेत्रों को ऐप से जोड़ने में जुटा है। नई व्यवस्था के बाद क्षेत्र में गंदगी होने पर इसकी फोटो अपलोड होगी, फिर विभाग की तरफ से तुरंत सफाई कराई जा सकेगी। गाजियाबाद एक औद्योगिक क्षेत्र है। यहां सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) की 45 हजार से अधिक मैन्यूफैक्चर इकाइयां हैं।
यूपीसीडा ने 12 औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए
गाजियाबाद जिले में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने 12 औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए हैं। जबकि अन्य दूसरे विभागों या निजी विकासकर्ताओं ने विकसित किए हैं। यूपीसीडा अपने सभी औद्योगिक क्षेत्रों की देखरेख करता है, लेकिन इन क्षेत्रों में भी गंदगी की लगातार शिकायतें मिल रही हैं।
ऐप पर डाल सकेंगे फोटो, दर्ज करा सकेंगे शिकायत
इसे ध्यान में रखकर अब यूपीसीडा सभी औद्योगिक क्षेत्रों को ऐप से जोड़ने की तैयारी कर रहा है। यूपीसीडा के अधिकारी बताते हैं कि उद्यमियों को अपने औद्योगिक क्षेत्र में यदि कोई शिकायत होगी या गंदगी की दिक्कत होगी तो वह इस ऐप पर फोटो या अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
क्षेत्र में साफ सफाई समेत अन्य सुविधाएं कराई जाएंगी उपलब्ध
अधिकारियों ने बताया कि शिकायत मिलते ही विभाग की तरफ से प्रक्रिया शुरू कर उसका निस्तारण किया जाएगा। इससे क्षेत्र में साफ सफाई समेत अन्य सुविधाएं भी मुहैया हो सकेंगी। इससे उद्यमियों को भी फायदा होगा।
व्हाट्सऐप ग्रुप भी बनेंगे
यूपीसीडा के अधिकारी बताते हैं कि औद्योगिक क्षेत्रों के व्हाट्सऐप ग्रुप भी बनाए जाएंगे। साथ ही सभी औद्योगिक क्षेत्रों के पदाधिकारियों को जोड़ते हुए भी एक ग्रुप बनाया जाएगा। इस ग्रुप पर भी साफ सफाई समेत अन्य शिकायत की जा सकती है, ताकि उद्यमियों को होने वाली दिक्कतों का तुरंत निस्तारण कराया जा सके।
यूपीसीडा के औद्योगिक क्षेत्र
कविनगर औद्योगिक क्षेत्र, बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र, साउथ साइड जीटी रोड, साहिबाबाद साइट चार, मेरठ रोड साइट तीन व सेक्टर 22, उद्योग कुंज, एमजी रोड, लोनी रोड, ट्रोनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र, मुकंद नगर, मेनापुर औद्योगिक क्षेत्र, मोदीनगर औद्योगिक क्षेत्र हैं। इन क्षेत्रों की समस्या की शिकायत अब ऐप पर की जा सकती है।
शिकायतों का तुरंत होगा निस्तारण
यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप कुमार सत्यार्थी ने कहा कि यूपीसीडा अपने औद्योगिक क्षेत्रों में सभी तरह की सुविधाएं मुहैया करा रहा है। सफाई की समस्या का समाधान के लिए ऐप तैयार कराए जा रहे हैं। इससे उद्यमियों की शिकायतों का तुरंत निस्तारण हो सकेगा।




साइन इन