गाजियाबाद में हाईवे पर महिला को मारी टक्कर, लाश को रात भर कुचलती रहीं गाड़ियां
गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ जहां एक महिला की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। रात भर सैकड़ों वाहन उसके शव को कुचलते रहे।

गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। डीएमई पर गाजीपुर से पहले दिल्ली से मेरठ जाने वाली लेन पर रविवार देर रात एक महिला हादसे का शिकार हो गई। सुबह तक महिला की लाश को सैकड़ों वाहन कुचलते रहे। इससे सुबह तक शरीर के केवल अवशेष ही बचे। सोमवार सुबह करीब पांच बजे जब पुलिस को सूचना मिली, तो उन्होंने सड़क से अवशेषों को समेटकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए मामले की जांच और महिला की शिनाख्त करने में जुटी है।
सुबह तक लाश को कुचलते रहे वाहन
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह तक महिला की लाश को सैकड़ों वाहनों ने कुचला। इसी बीच किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी तब टीमें पांच बजे मौके पर पहुंचीं। पुलिस को महिला के केवल अवशेष ही मिले। पुलिस ने किसी तरह से अवशेषों को समेट कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह लगभग पौने पांच बजे डीएमई पर हादसे की सूचना मिली थी। फिलहाल मौके से मिले अवशेषों को जमा करके पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस की टीमें
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मौके पर मिले कपड़ों से अंदेशा लगाया जा रहा है कि शव महिला का होगा। सर्विलांस की दो टीमें सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। हालांकि, अभी तक किसी अन्य व्यक्ति ने पुलिस से परिजन के लापता होने की शिकायत भी नहीं की है। जांच की जा रही है।
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर दो ट्रकों की भिड़ंत, दो की मौत
वहीं ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित गढ़ी कटैया अंडरपास पर दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के पावी सादकपुर में रहने वाले 25 वर्षीय जावेद ईंट का ट्रक चलाते थे। वह सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे दिल्ली खजूरी से ईंट उतारकर आसिफ और हुसैन के साथ लौट रहे थे।
बुलंदशहर थाना अरनिया गांव गंगवाली के रहने वाले 38 वर्षीय लोकेश सीमेंट के ट्रक पर मजदूरी करते थे। वह टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भोपूरा में किराए के मकान में पत्नी शशि और तीन बच्चों आर्यन, दिपांशी और देव के साथ रहते थे। उनके भाई रतन लाल ने बताया कि रविवार रात भाई सीमेंट लेने के लिए ट्रक पर साथियों के साथ गया था।
ट्रक में लदा था सीमेंट
ट्रक पर चालक, भाई लोकेश, सोनू समेत अन्य मजदूर थे। उनके मुताबिक जब सीमेंट से लदा ट्रक गढ़ी कटैया अंडरपास से होते हुए राम पार्क की ओर जा रहा था। इस दौरान दिल्ली खजूरी की ओर से आ रहे ईंट के ट्रक ने सीमेंट के ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ईंट का ट्रक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर होने के बाद राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस लोगों की सहायता से घायलों को ट्रक से बाहर निकाल कर संयुक्त अस्पताल लेकर पहुंची। जहां चिकित्सक ने जांच के बाद जावेद व लोकेश को मृत घोषित कर दिया। साथ ही हादसे में गंभीर रूप से घायल सोनू, आसिफ और हुसैन को जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस परिजनों को सूचना देकर घायलों को जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंची। जहां चिकित्सक घायलों के उपचार में जुटे हैं। मृतक लोकेश के भाई ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।




साइन इन